संभल के टांडा कोठी में पकौड़ी की दुकान पर मारपीट:बाइक में पेट्रोल भराने को लेकर शुरू हुआ विवाद; 4 भाइयों पर केस दर्ज

Oct 08, 2026 - 09:07
0
संभल के टांडा कोठी में पकौड़ी की दुकान पर मारपीट:बाइक में पेट्रोल भराने को लेकर शुरू हुआ विवाद; 4 भाइयों पर केस दर्ज
संभल के थाना असमोली क्षेत्र के टांडा कोठी गांव में पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद पकौड़ी की दुकान तक पहुंच गया। मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे टांडा कोठी चौराहे पर पकौड़ी का ठेला लगाने वाले नाजिम के साथ मारपीट हुई। घटना का लाइव वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने चार सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। नाजिम के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि नाजिम पुत्र रियासुद्दीन निवासी टांडा कोठी की शिकायत पर समीर, दाऊद, सदाकत और इमरान पुत्र अकबर हुसैन निवासी ओबरी के खिलाफ धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। शिकायत मिलने के बाद मंगलवार शाम करीब 6 बजे मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी और जांच के आधार पर आगे कठोर कार्रवाई होगी। लात-घूंसों के साथ लाठी-डंडे चलने का वीडियो नाजिम ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी थी। बताया गया कि ओबरी निवासी इमरान पक्ष के कुछ लोग उसकी दुकान पर पकौड़ी लेने पहुंचे थे। पकौड़ी के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। सामने आए वीडियो में युवकों के बीच लात-घूंसे चलने के साथ लाठी-डंडों का इस्तेमाल होता दिखाई दे रहा है। पेट्रोल पंप पर कम पेट्रोल डालने की शिकायत का विवाद नाजिम के मुताबिक, तीन दिन पहले टांडा कोठी स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर इमरान पक्ष के लोगों की उससे किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद पेट्रोल पंप के संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई थी। शिकायत में पेट्रोल कम डालने का आरोप लगाया गया था। मंगलवार को इसी शिकायत की जांच के लिए संबंधित अधिकारी पेट्रोल पंप पहुंचे थे। जांच के बाद नाजिम की दुकान पर पहुंचे थे लोग बताया गया कि इमरान पक्ष के करीब 8-10 लोग भी जांच के दौरान पेट्रोल पंप पर पहुंच गए थे। जांच पूरी होने के बाद अधिकारी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान इमरान पक्ष के लोगों के नाजिम की दुकान पर पहुंचने और पकौड़ी लेने के दौरान विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस अब मारपीट के वीडियो और शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User