संभल में 20 लाख के जेवरात चोरी:देवरानी के गहने चुराने वाली जेठानी गिरफ्तार, 23 सोने-चांदी के जेवर बरामद
संभल पुलिस ने देवरानी के जेवर चोरी होने के मामले का चार घंटे में खुलासा करते हुए जेठानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी हुए जेवरों की कीमत 20 लाख रुपए से अधिक है। घटना शनिवार सुबह करीब 5 बजे की बताई गई है, जबकि पुलिस ने रविवार दोपहर करीब 2 बजे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 18 लाख रुपए कीमत के 23 सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। घर के अंदर के व्यक्ति पर पुलिस को हुआ शक मामला जिला मुख्यालय बहजोई थाना क्षेत्र के नारायण टोला, फकीरों की मढ़ैया और टंकी मोहल्ले का है। यहां ट्रैक्टर मिस्त्री मोहम्मद अली उर्फ गांधी के घर से जेवर चोरी होने की सूचना पुलिस को मिली थी। बड़े बेटे इरशाद अली ने शनिवार सुबह करीब 6 बजे डायल-112 पर घटना की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर उसने बताया कि उसके पिता बुधवार से कलियर शरीफ गए हुए हैं। घर में वह, उसका भाई सरताज अली, मां, पत्नियां और बच्चे मौजूद थे। इरशाद के मुताबिक, रात करीब 12 बजे तक पूरा परिवार एक साथ बैठा था। इसके बाद सभी अलग-अलग कमरों में सोने चले गए। सरताज अपनी मां के साथ पड़ोस के दूसरे मकान में बंधी भैंसों के पास सोने चला गया, जबकि इरशाद अपनी पत्नी के साथ घर के अंदर सो रहा था। परिवार के मुताबिक, रात में किसी तरह की शोर-शराबे की आवाज नहीं सुनाई दी। पूछताछ और कॉल डिटेल से जेठानी तक पहुंची पुलिस एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि एएसपी और सीओ के नेतृत्व में थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिवार और आसपास के लोगों से अलग-अलग पूछताछ की। जांच में पुलिस को पता चला कि घर के अंदर किसी बाहरी व्यक्ति के आने के संकेत नहीं हैं। इसके बाद पुलिस का शक घर के ही किसी व्यक्ति पर गया। पुलिस ने कॉल डिटेल की जांच के बाद इरशाद अली की पत्नी महक से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में महक ने चोरी की बात कबूल करने की बात पुलिस ने कही है। देवर की शादी में दिए गए जेवर वापस नहीं मिलने से थी नाराज पुलिस के मुताबिक, महक ने बताया कि उसके निकाह के समय ससुराल वालों की ओर से उसे जेवर दिए गए थे। बाद में देवर सरताज अली की शादी होने पर ये जेवर उसकी पत्नी को चढ़ा दिए गए। महक का कहना था कि मांगने के बावजूद जेवर उसे वापस नहीं मिल रहे थे। पुलिस के अनुसार, महक ने 2 अक्टूबर की रात चोरी की योजना बनाई। उसने देवर के कमरे से सोने-चांदी के जेवर चोरी कर अपने कमरे में दरवाजे के पीछे कपड़ों के हैंगर में छिपा दिए। 18 लाख के 23 जेवर बरामद एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी महक पत्नी इरशाद अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से करीब 18 लाख रुपए कीमत के 23 सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)