संभल में भतीजों के धक्के से गिरे चाचा की मौत:बेटा बोला- धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से जीना टूटने पर घर में घुसकर पीटा

Oct 12, 2026 - 18:21
0
संभल में भतीजों के धक्के से गिरे चाचा की मौत:बेटा बोला- धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से जीना टूटने पर घर में घुसकर पीटा
संभल। धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली घर के दरवाजे की सीढ़ी पर चढ़ने से टूट-फूट होने को लेकर चचेरे-तहेरे भाइयों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना में 60 वर्षीय हरपाल सिंह की मौत हो गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना बहजोई जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर संभल तहसील के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के ऐंजरा गांव की है। मृतक की पहचान हरपाल सिंह पुत्र दुर्गादास कश्यप के रूप में हुई है। मृतक के छोटे बेटे विकास ने बताया कि रविवार शाम करीब 6 बजे खेत से निकले धान को बेचने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादा जा रहा था। ट्रैक्टर स्टार्ट करने पर झटका लगा और वह उनके तहेरे भाई राहुल पुत्र सुंदर के घर के दरवाजे की सीढ़ी से टकरा गया। इससे दो-तीन ईंटें उखड़ गईं। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विकास का आरोप है कि इसके बाद उनके तहेरे भाइयों और परिवार की महिलाओं ने घर में घुसकर मारपीट की। विकास के मुताबिक, घटना के समय वह गांव से बाहर था। सूचना मिलने पर वह गांव पहुंचा, जबकि उसका बड़ा भाई हरपाल सिंह को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गया। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। विकास ने पुलिस को दी शिकायत में पॉपी, राहुल पुत्र सुंदर, अर्चना पत्नी राहुल, कुसुम पत्नी पॉपी, शीला पत्नी स्व. सुंदर और ताई की मां के नाम दिए हैं। हरपाल सिंह की मौत से पत्नी रानी देवी और बेटे चंदन (26), नीरज (23) व विकास (22) का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी बड़ी बेटी प्रीति (29) की शादी हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने 18 कुंतल धान व्यापारी को बेचने के लिए रखा था। पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई थाना प्रभारी संजय कुमार ने सोमवार शाम 4 बजे बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के घर के बाहर बनी सीढ़ी पर चढ़ने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसमें हरपाल सिंह धक्का लगने से जमीन पर गिर गए। परिजन उन्हें सिद्धि विनायक मेडिकल कॉलेज समेत अन्य जगहों पर ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। थाना प्रभारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User