संभल में किसानों की समस्याओं पर भाकियू टिकैत का प्रदर्शन:DM को सौंपा ज्ञापन, फसल मुआवजा और एक्सप्रेसवे के मुद्दे उठाए

Sep 30, 2026 - 16:08
0
संभल में किसानों की समस्याओं पर भाकियू टिकैत का प्रदर्शन:DM को सौंपा ज्ञापन, फसल मुआवजा और एक्सप्रेसवे के मुद्दे उठाए
संभल के बहजोई स्थित जिला मुख्यालय पर बुधवार को दोपहर एक बजे भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में कहा कि जनपद में अत्यधिक बारिश और तेज हवाओं के कारण धान, बाजरा, उड़द समेत कई फसलों को नुकसान हुआ है। किसानों ने फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। साथ ही अक्टूबर से शुरू होने वाली सरकारी धान खरीद के लिए तहसील स्तर पर सत्यापन और बारदाने की व्यवस्था पहले से करने की मांग रखी। भूमि अधिग्रहण का मुद्दा भाकियू नेताओं ने मुरादाबाद-अलीगढ़ लिंक एक्सप्रेसवे और औद्योगिक गलियारों के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने भूमि के सर्किल रेट में बढ़ोतरी की मांग करते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे को गांवों के बीच से निकालने के बजाय जंगल क्षेत्र से निकाला जाए, जिससे किसानों के मकान और दुकान प्रभावित न हों। गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर किसानों ने अधूरी सर्विस रोड को पूरा कराने तथा रेलवे लाइन पर ओवरपास, अंडरपास या क्रॉसिंग की व्यवस्था कराने की मांग की। स्थानीय किसानों और प्रभावित गांवों के लोगों को टोल टैक्स में राहत देने की मांग भी की गई। किसानों ने रबी की फसल के लिए भूमि के मानक के अनुसार खाद उपलब्ध कराने, विद्युत विजिलेंस द्वारा कथित उत्पीड़न और अवैध वसूली पर रोक लगाने, संविदा बिजली कर्मचारियों की तैनाती गांव या ब्लॉक से बाहर करने की मांग की। इसके अलावा भूमि के अंश निर्धारण की त्रुटियां ठीक कराने, ग्राम पंचायतों में विकास और सफाई व्यवस्था सुधारने तथा राशन कार्ड से काटे गए यूनिट को शीघ्र जोड़ने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। भाकियू ने प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस नियमित रूप से आयोजित कराने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान जबर सिंह यादव, राहत जहां, राजेश मौर्य, अंकित ठाकुर, संजीव यादव, मुकेश यादव, नीरज यादव, राजू यादव, गायत्री यादव, डॉ. मोहम्मद हनीफ और रामवीर सिंह यादव समेत कई लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User