संभल में मौसम बदला, 3 डिग्री पारा गिरा:न्यूनतम 20 डिग्री, AQI 182 पहुंचा, अस्पतालों में मरीजों की भीड़; आंधी-बारिश का अलर्ट

Oct 15, 2026 - 10:05
0
संभल में मौसम बदला, 3 डिग्री पारा गिरा:न्यूनतम 20 डिग्री, AQI 182 पहुंचा, अस्पतालों में मरीजों की भीड़; आंधी-बारिश का अलर्ट
संभल में मौसम बदलने के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार सुबह बादल छाए रहे और हल्की धूप निकली। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुबह 9 बजे तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 182 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दोपहर तक बादल छाए रहने और शाम को आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। पिछले तीन दिनों के मुकाबले तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। दिन में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। सुबह और रात में ठंडक, जबकि दिन में धूप निकलने से गर्मी महसूस हो रही है। मौसम में बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। जिला संयुक्त चिकित्सालय की ओपीडी 1,000 के पार पहुंच रही है, जबकि जिले के अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 500 से 700 तक मरीज पहुंच रहे हैं। यह स्थिति पिछले 25 दिनों से बनी हुई है। सामान्य से 97% अधिक बारिश जनपद में इस साल सामान्य से 97 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। एक जून से 30 सितंबर तक 1,294.9 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इस अवधि में 658.4 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान था। बीते शुक्रवार को 12 मिलीमीटर और रविवार को 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। अधिक बारिश के कारण धान, बाजरा, गन्ना और उड़द की फसलों को नुकसान पहुंचा है। ओपीडी में बढ़े मरीज, 40 अस्पताल में भर्ती सीएमओ डॉ. तरुण पाठक ने बदलते मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और बाहर की चीजों से परहेज करने की सलाह दी है। जिला संयुक्त चिकित्सालय में 10 डॉक्टर छह घंटे ओपीडी में मरीजों को देख रहे हैं। अस्पताल में अब तक 8,000 से अधिक रक्त जांच की जा चुकी हैं। मंगलवार को ओपीडी में 966 मरीज पहुंचे, जबकि बुधवार को मरीजों की संख्या एक हजार के पार रही। अस्पताल में फिलहाल 40 मरीज भर्ती हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आइसोलेशन वार्ड भी बनाए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User