संभल में मौसम बदलने से मरीजों की संख्या बढ़ी:22 डिग्री पारा पहुंचा, दिन में गर्मी और सुबह-रात को ठंडक, 97% अधिक बारिश
संभल में रविवार की सुबह न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ हुई। सुबह 9 बजे पूरे जनपद का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जबकि AQI 204 दर्ज किया गया। सुबह और रात के मौसम में ठंडक महसूस हो रही है, जबकि धूप निकलने के बाद दिन में गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार की चपेट में आए मरीजों की भीड़ बढ़ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे के बीच अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। पूरे दिन मौसम साफ रहने का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, दोपहर में कुछ देर के लिए आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। 1 जून से 30 सितंबर तक संभल में 1294.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में 658.4 मिलीमीटर बारिश होनी थी। इस लिहाज से इस साल जिले में सामान्य से 97 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। धान समेत कई फसलों को नुकसान, गन्ने में पानी भरने से लगा कीड़ा
लगातार हुई बारिश से धान, बाजरा, ईख और उड़द की फसल को नुकसान पहुंचा है। इनमें सबसे अधिक नुकसान धान की फसल करने वाले किसानों को हुआ है। ईख के खेतों में पानी भरने से फसल में कीड़ा लगने की समस्या भी सामने आई है। डीएम अंकित खंडेलवाल ने प्रत्येक किसान की खराब हुई फसल की रिपोर्ट तैयार कर जल्द से जल्द लेखपालों से मांगी है। रिपोर्ट के आधार पर फसल नुकसान की स्थिति का आकलन किया जाएगा। जिला अस्पताल की OPD 1000 पार, 400 से ज्यादा मरीजों की ब्लड जांच
पिछले दिनों लगातार तीन दिन बारिश होने के बाद मौसम में बदलाव आया। इसके बाद धीरे-धीरे संक्रमण फैलने से अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी। संभल के जिला संयुक्त चिकित्सालय में प्रतिदिन 400 से अधिक मरीजों की ब्लड जांच की जा रही है। अस्पताल की OPD 1000 के पार पहुंच गई है। वहीं, 72 मरीज इमरजेंसी वार्ड से लेकर जनरल वार्ड तक भर्ती हैं। लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या को देखते हुए अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड भी बनाए गए हैं। सीएमओ बोले- सरकारी अस्पताल या अच्छे डॉक्टर की सलाह के बाद लें दवा
सीएमओ डॉ. तरुण पाठक ने बताया कि मौसम बदलने के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर थोड़ा असर पड़ा है। उन्होंने लोगों से सरकारी अस्पताल या अच्छे डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही दवा का सेवन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिला संयुक्त चिकित्सालय सहित सात सीएचसी में पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध हैं और सभी जरूरी जांच भी की जा रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)