संभल में NHM संविदाकर्मियों का प्रदर्शन:सीएमओ ऑफिस पर धरना देकर कार्य बहिष्कार, लखनऊ में हड़ताल की चेतावनी

Oct 10, 2026 - 14:35
0
संभल में NHM संविदाकर्मियों का प्रदर्शन:सीएमओ ऑफिस पर धरना देकर कार्य बहिष्कार, लखनऊ में हड़ताल की चेतावनी
संभल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन और अन्य मांगों को को तीसरे दिन भी कार्य बहिष्कार किया। शनिवार को धरना-प्रदर्शन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला। संभल के जिला मुख्यालय बहजोई कस्बा क्षेत्र में सीएमओ कार्यालय पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर जिलेभर के संविदा कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन पर डटे हैं। शासन से लंबित मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। संगठन ने मांगें पूरी नहीं होने पर 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है। वहीं उन्होंने किसी राजनीतिक दल का समर्थन लेने से इनकार किया है। संगठन ने दावा किया कि कार्य बहिष्कार से NCD कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण, ओपीडी, राष्ट्रीय क्षय रोग कार्यक्रम, विभिन्न जांचों, आशा कार्यकर्ताओं और जननी सुरक्षा योजना सहित कई कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग प्रभावित हुई। जिलाध्यक्ष डॉ. तनवीर हैदर ने बताया कि प्रदेश में एक लाख से अधिक संविदा कर्मचारी पिछले 15 से 18 वर्षों से स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कोरोना के दौरान भी कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं और सेवा सुरक्षा नहीं मिल पा रही हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सभी NHM संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन तथा नियमितीकरण होने तक मानदेय में तत्काल वृद्धि शामिल है। इसके अलावा लंबे समय से संविदा पर संचालित पदों को स्वास्थ्य विभाग में सृजित करने, परिवार सहित कम से कम 10 लाख रुपये की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, प्रभावी EPF अंशदान, मकान किराया भत्ता और ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग उठाई गई। सीएमओ क़ो सौंपे गए ज्ञापन में रिक्त पदों पर गैर-जनपद स्थानांतरण नीति बहाल करने, सेवाकाल में मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने, आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने और नियमित भर्तियों में NHM संविदा कर्मियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने की मांग भी शामिल है। प्रदर्शन में जिला संरक्षक नीरज शर्मा, महामंत्री हरबेंद्र यादव, कोषाध्यक्ष कोमपाल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सुदेश यादव, प्रवक्ता डॉ. एच. रहमान, सर्वेश कश्यप, दीपिका शर्मा आदि दर्जनों संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User