संभल में राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने दिखाया दमखम:रोमांचक मुकाबलों ने जीता दर्शकों का दिल, कई जिलों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
संभल तहसील क्षेत्र के गांव कल्याणपुर में सोमवार को 46वीं राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक चले मुकाबलों में जूनियर और सीनियर वर्ग के पुरुष एवं महिला पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहलवानों के दमखम, फुर्ती और बेहतरीन दांवपेंच ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अखाड़े में मुकाबले देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह नजर आया। प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह, अवधेश वार्ष्णेय, फिरोज खां और भोले सिंह त्यागी सहित अन्य अतिथियों ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर कराया। इसके बाद विभिन्न भारवर्गों में मुकाबले शुरू हुए। खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालक वर्ग के 30 किलोग्राम भारवर्ग में त्यागी स्पोर्ट्स स्कूल कन्या गुरुकुल के अभय प्रथम और माधव द्वितीय रहे। 35 किलोग्राम में कामरान सरायतरीन प्रथम और अंकुश यादव अझरा द्वितीय रहे। 40 किलोग्राम में रोशाद सरायतरीन ने पहला तथा अर्पित अझरा ने दूसरा स्थान हासिल किया। 55 किलोग्राम में हमजा संभल, 60 किलोग्राम में मुजम्मिल संभल, 65 किलोग्राम में कृष्ण संभल, 70 किलोग्राम में प्रिंस मुरादाबाद और 85 किलोग्राम में सुनील संभल प्रथम रहे। बालिका वर्ग में 20 किलोग्राम में भारती कल्याणपुर, 25 किलोग्राम में श्रद्धा कल्याणपुर और 30 किलोग्राम में कृष्णा कल्याणपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 40 किलोग्राम में शुमायला बिलारी प्रथम और शोभना अमरोहा द्वितीय रहीं। अंडर-17 वर्ग के 45 किलोग्राम में प्रवीण कल्याणपुर प्रथम और सूर्यांस कल्याणपुर द्वितीय रहे। 50 किलोग्राम में फहद संभल ने पहला और आदिल गंगश्वेरी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। सीनियर पुरुष वर्ग के 55 किलोग्राम में आकिल चन्दौसी, 60 किलोग्राम में बंटी अमरोहा, 65 किलोग्राम में केशव गाजियाबाद और 70 किलोग्राम में शिवम गाजियाबाद प्रथम रहे। 130 किलोग्राम में लाला मल्लों की मई ने पहला और लव मथुरा ने दूसरा स्थान हासिल किया। आयोजन में डॉ. यूसी सक्सेना, अरविंद सिंह एडवोकेट, आनंद सिंह और पुष्पेंद्र त्यागी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता ने क्षेत्र में कुश्ती के प्रति उत्साह और खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)