संभल में रेल कनेक्टिविटी के लिए पोस्टकार्ड अभियान शुरू:गजरौला तक नई लाइन और एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग

Oct 11, 2026 - 15:29
0
संभल में रेल कनेक्टिविटी के लिए पोस्टकार्ड अभियान शुरू:गजरौला तक नई लाइन और एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग
संभल में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग को लेकर संभल में अब सामाजिक संगठनों और चिकित्सकों ने आवाज बुलंद करनी शुरू कर दी है। वर्षों से संभल को बेहतर रेल सुविधाओं से जोड़ने की मांग कर रही मानव विकास जन सेवा समिति और जिला संघर्ष समिति ने रविवार को 1 बजे डॉक्टर कॉलोनी, सम्भल-मुरादाबाद रोड पर रेलमंत्री के नाम पोस्टकार्ड अभियान चलाया। अभियान के जरिए संभल से गजरौला तक नई रेलवे लाइन बिछाने और क्षेत्र के लोगों के लिए एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग उठाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि संभल की जनता को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना समय की जरूरत है। मानव विकास जन सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. नाजिम ने कहा कि संभल के लोग लंबे समय से रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने रेलमंत्री से अपील की कि संभल की जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल्द एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में सहूलियत मिल सके। डॉ. तहसीन रजा ने कहा कि क्षेत्र की आबादी और लोगों की जरूरतों के अनुरूप रेल सुविधाओं का विस्तार होना चाहिए। संभल से गजरौला तक नई रेलवे लाइन बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि समिति इस मांग को लेकर अपना प्रयास जारी रखेगी। जरूरत पड़ने पर पदाधिकारी दिल्ली जाकर रेलमंत्री से मुलाकात करेंगे और ज्ञापन सौंपेंगे। डॉ. सचिन रस्तोगी ने कहा कि जिस तरह क्षेत्र में अन्य विकास कार्य हो रहे हैं, उसी तरह रेल सुविधाओं के विकास पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। संभल को बेहतर रेल नेटवर्क से जोड़ना जनता के हित में महत्वपूर्ण कदम होगा। आसिफ रजा ने बताया कि पोस्टकार्ड अभियान का उद्देश्य संभल की वर्षों पुरानी रेल संबंधी मांग को सरकार तक पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री, रेलमंत्री और मुख्यमंत्री से भी समस्या पर ध्यान देने की अपील की गई। इस दौरान मोहसीन, डॉ. बकील, अरमान, आसिफ, विशाल, चमन, इरफान, शर्मा, गुलाम, हरनाम और कैफ सहित कई लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User