दीनदयाल शोध संस्थान में 'ग्रामोदय पखवाड़ा':महापुरुषों की जयंती पर सुंदरकांड पाठ, स्वच्छता पर चर्चा की
चित्रकूट स्थित दीनदयाल शोध संस्थान में एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित 'ग्रामोदय पखवाड़ा' का रविवार को समापन हो गया। 25 सितंबर से शुरू हुए इस विशेष पखवाड़े में समाज को दिशा देने वाले इन महापुरुषों को याद करते हुए विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। जयंती के पावन अवसर पर संस्थान के सभी स्वावलंबन केंद्रों में पूरे भक्तिभाव के साथ सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत उपस्थित लोगों और श्रद्धालुओं के बीच खीर एवं मिष्ठान का वितरण कर महापुरुषों के आदर्शों को नमन किया गया। स्वच्छता, श्रमसाधना और औषधीय पौधों पर हुई चर्चा ग्रामोदय पखवाड़ा के अंतर्गत संस्थान के विभिन्न प्रकल्पों द्वारा ग्राम केंद्रों पर स्वच्छता और सामूहिक श्रमसाधना (श्रमदान) का संदेश दिया गया। ग्रामीणों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से व्यावसायिक प्रशिक्षण पर भी विस्तृत चर्चा की गई। वहीं, आरोग्यधाम के कार्यकर्ताओं ने लोगों को विभिन्न औषधीय पौधों की उपयोगिता और उनसे होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में जागरूक किया। इस विशेष पखवाड़े के दौरान कार्यक्रमों में दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन, प्रधान सचिव निखिल मुंडले एवं कोषाध्यक्ष वसंत पंडित सहित संस्थान के कई अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)