संभल में ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी बाइक, युवक की मौत:बदायूं का रहने वाला था, घर लौटते समय हादसा हुआ
संभल में मेरठ-बदायूं हाईवे पर रविवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जुनावई थाना क्षेत्र में नायरा पेट्रोल पंप के पास बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुस गई। हादसे में घायल युवक को पुलिस एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा रविवार शाम करीब 6 बजे संभल जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर तहसील गुन्नौर के जुनावई थाना क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव गुदनी निवासी दिनेश कुमार (32) पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है।
दिनेश किसी काम से बबराला क्षेत्र में आया था। शाम को बाइक से घर लौटते समय वह हादसे का शिकार हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाइक की रफ्तार तेज थी और उसके आगे ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और दिनेश उसे संभाल नहीं पाया। बाइक पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों को दी सूचना, पोस्टमार्टम की तैयारी थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि हादसे में बदायूं निवासी बाइक सवार युवक की मौत हुई है। उसकी पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की जा रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)