संजय निषाद बोले- दिल्ली आंदोलन को विदेशी फंडिंग मिल रही:हाथरस में कहा- चुनाव में भाजपा के साथ रहेगी पार्टी
हाथरस में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद शनिवार शाम करीब 6:30 बजे पहुंचे। तहसील सभागार में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पार्टी को मजबूत करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की। दिल्ली में प्रदर्शन पर बोले- आंदोलन करना हक, अराजकता ठीक नहीं दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन को लेकर संजय निषाद ने कहा कि आंदोलन करना सभी का अधिकार है, लेकिन अराजकता फैलाना ठीक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन विदेशी ताकतों और विदेशी फंडिंग के जरिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए नरेंद्र मोदी, योगी आदित्यनाथ और उनके जैसे लोग खड़े हैं। चुनाव आयोग देश का आयोग है, इसलिए उस पर सीधे आरोप लगाना ठीक नहीं है।
बोले- विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ रहेंगे विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी पहले भी भाजपा के साथ थी, आज भी है और आगे भी साथ रहेगी। सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार के अच्छे कामों की सराहना की जाएगी, लेकिन कोई अधिकारी गलती करेगा तो उसे भी सामने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गलतियां होने पर ही अधिकारियों के तबादले और निलंबन जैसी कार्रवाई होती हैं। मछुआ समाज को अनुसूचित जाति के अधिकार देने की मांग संजय निषाद ने कहा कि निषाद सहित मछुआ समाज की संबंधित जातियों को उनके संवैधानिक अधिकार मिलने चाहिए। इसके लिए समाज के लोगों को एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठानी होगी। उन्होंने मछुआ समाज को अनुसूचित जाति के अधिकार देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मछुआ समाज के लोगों ने मुगलों और अंग्रेजों से संघर्ष किया है। ऐसे में समाज को पूरी संवैधानिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से मछुआ समाज के आरक्षण के मुद्दे पर पहल करने की अपेक्षा जताई। साथ ही पिछली सरकारों पर समाज की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। 21 अक्टूबर को दिल्ली में होगी महारैली संजय निषाद ने बताया कि 21 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में निषाद पार्टी की महारैली आयोजित होगी। इसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होकर अपनी एकजुटता दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि महारैली की तैयारियों के सिलसिले में ही वह हाथरस पहुंचे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)