संजय सिंह बोले- जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराना अपराध नहीं:सुल्तानपुर में गिरफ्तारी पर भड़के आप सांसद, पुलिस पर गुंडागर्दी का आरोप

Oct 14, 2026 - 18:55
0
संजय सिंह बोले- जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराना अपराध नहीं:सुल्तानपुर में गिरफ्तारी पर भड़के आप सांसद, पुलिस पर गुंडागर्दी का आरोप
सुल्तानपुर में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने दिल्ली में चल रहे आंदोलन, प्रदर्शनकारियों और पत्रकारों के साथ मारपीट को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराना और ‘भारत माता की जय’ बोलना कब से अपराध हो गया? संजय सिंह ने इन घटनाओं को तानाशाही बताते हुए केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी निशाना साधा। कार्यक्रम जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के बरौसा में बुधवार को हुई। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि दिल्ली में बिना नेम प्लेट वाले पुलिसकर्मियों ने पत्रकारों के साथ मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि अपनी पहचान और चैनल का नाम बताने के बावजूद प्रज्ञा मिश्रा, श्याम मीरा सिंह और इंडियन एक्सप्रेस के कई पत्रकारों को घसीटकर गाड़ी में डंडों से पीटा गया। उन्होंने एक छात्र संगठन की युवती के साथ कथित मारपीट का भी जिक्र किया। संजय सिंह ने सवाल उठाया कि तिरंगा फहराने और भारत माता की जय बोलने पर लोगों को गिरफ्तार करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप कैसे हो सकता है? RSS और केंद्र सरकार पर साधा निशाना आप सांसद ने RSS पर निशाना साधते हुए दावा किया कि संगठन ने 52 साल तक नागपुर मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया। उन्होंने कहा कि देश में रहने वाले हर व्यक्ति को तिरंगे का सम्मान करना चाहिए। संजय सिंह ने आशुतोष रांका और सौरभ दास की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें तिरंगा फहराने और भारत माता की जय बोलने के मामले में निशाना बनाया गया। उन्होंने इसे अंग्रेजों के शासन जैसा रवैया बताया। वायरल गाने को लेकर भी कसा तंज एक गाने के वायरल होने के सवाल पर संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तंज कसा। उन्होंने गाने की पंक्तियां सुनाते हुए इसे दोनों के बीच का ‘प्रेम गीत’ बताया। यह टिप्पणी उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के संदर्भ में की। चुनाव आयोग पर 13.37 करोड़ वोट काटने का आरोप संजय सिंह ने चुनावी प्रक्रिया और ईवीएम को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि देश में 13 करोड़ 37 लाख वोट काटे गए हैं। उनके आरोप के मुताबिक, चुनावी व्यवस्था केंद्रीकृत हो गई है और दिल्ली से ही वोट जोड़ने या घटाने के फैसले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया में इस तरह की गड़बड़ियां होती हैं, तो लोकतंत्र का उद्देश्य प्रभावित होता है। ये आरोप संजय सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान लगाए। सपा के साथ गठबंधन पर बोले- पार्टी तैयारी कर रही है अखिलेश यादव के साथ उनके संबंधों और आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के सवाल पर संजय सिंह ने कहा कि चुनाव कैसे लड़ना है, इसका फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल और राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) करेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर रही है और विधानसभा क्षेत्रों में दौरे किए जा रहे हैं। गठबंधन को लेकर अंतिम निर्णय होने के बाद आधिकारिक जानकारी दी जाएगी। यूपी सरकार पर भी लगाए आरोप संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार पर स्कूल बंद करने, बुलडोजर कार्रवाई, सड़क, फ्लाईओवर और हाईवे निर्माण में भ्रष्टाचार तथा राम मंदिर में चोरी से जुड़े मामलों को लेकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सभा का उद्देश्य जनता को सरकार की नीतियों और कथित भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे की मेहनत का जिक्र करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से सभा आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न गांवों के लोगों और जुरिया समाज के प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया। संजय सिंह ने जुरिया समाज के आरक्षण से जुड़े मुद्दे को संसद में उठाने और क्षेत्र के गांवों की समस्याओं के समाधान के लिए जिले के अधिकारियों से बात करने का आश्वासन भी दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User