संविदा कर्मियों को 14 अक्टूबर तक वेतन नहीं मिला:शाहजहांपुर में ईपीएफ, बकाया वेतन और हटाए गए कर्मियों की वापसी की मांग
शाहजहांपुर बिजली वितरण मंडल में कार्यरत संविदा कर्मचारियों की कई समस्याओं को लेकर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर उनके समाधान की मांग उठाई। इस दौरान संगठन के मध्यांचल अध्यक्ष अशोक कुमार पाल ने कहा- संविदा कर्मचारियों की सबसे बड़ी समस्या समय से वेतन नहीं मिलना है। कर्मचारी महीने में 30-31 दिन तक काम करते हैं, इसके बावजूद उन्हें निर्धारित समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि एक से सात तारीख के बीच वेतन भुगतान के निर्देश होने के बावजूद 14 अक्टूबर तक कई कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं पहुंचा है। इसी समस्या सहित अन्य मांगों को लेकर संगठन के पदाधिकारी अधिकारियों से मिले। अशोक कुमार पाल ने बताया कि शक्ति भवन, लखनऊ से जारी आदेश में पूर्व में हटाए गए कर्मचारियों की वापसी का मुद्दा भी अधीक्षण अभियंता के सामने उठाया गया। उन्होंने कहा- अधीक्षण अभियंता के साथ सकारात्मक वार्ता हुई। कर्मचारियों की सूची की स्क्रीनिंग होगी अधिकारी ने संगठन को आश्वासन दिया कि शक्ति भवन से संबंधित लिखित आदेश प्राप्त होते ही उस पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हटाए गए कर्मचारियों की सूची की स्क्रीनिंग कराई जाएगी और संगठन को विश्वास में लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अधिकारी ने समस्याओं के समाधान में पूर्ण सहयोग का भरोसा भी दिलाया। 14 माह का EPF जमा नहीं किया संगठन ने पूर्व कार्यदायी संस्था ओरियन कंपनी के कार्यकाल में फरवरी 2022 से अप्रैल 2023 तक 14 माह का ईपीएफ जमा नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। संगठन के अनुसार, मध्यांचल कार्मिक अधिकारी ने मंडल के कई डिवीजनों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों की उपस्थिति का विवरण मांगा है। इस मामले में आवश्यक सूची शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा डिवीजन-द्वितीय में अकुशल से कुशल श्रमिक पद पर पदोन्नति, फेशियल अटेंडेंस ऐप की तकनीकी खामियों के कारण वेतन से वंचित कर्मचारियों का भुगतान, हटाए गए कर्मियों की बहाली, ईएसआई कार्ड, परिचय पत्र और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)