सोनभद्र के उत्पादों को मिलेगी वैश्विक पहचान:'सोन अर्थ' ब्रांड लॉन्च 11 स्थानीय उत्पादों से बनेगा लग्जरी गिफ्ट हैंपर

Oct 19, 2026 - 13:40
0
सोनभद्र के उत्पादों को मिलेगी वैश्विक पहचान:'सोन अर्थ' ब्रांड लॉन्च 11 स्थानीय उत्पादों से बनेगा लग्जरी गिफ्ट हैंपर
सोनभद्र जिले के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार पारंपरिक और प्राकृतिक उत्पादों को नई पहचान दिलाने की तैयारी है। इसके लिए ‘सोन अर्थ’ ब्रांड विकसित किया जा रहा है। जल्द ही ब्रांड का लोगो लॉन्च किया जाएगा। आकर्षक पैकेजिंग, मार्केटिंग और प्रचार-प्रसार के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने की योजना है। इसके तहत 11 उत्कृष्ट उत्पादों से लग्जरी गिफ्ट हैंपर तैयार किया जाएगा। इससे ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों की मांग बढ़ने और उनकी आमदनी में इजाफा होने की उम्मीद है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि ‘सोन अर्थ’ के माध्यम से सोनभद्र के पारंपरिक स्वाद, प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय हुनर को एक मंच पर लाया जाएगा। उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और पैकेजिंग कर उन्हें बाजार में स्थापित करने की पहल की जा रही है। जिले में ज्वार, बाजरा, रागी, कोदो और मक्का जैसे श्रीअन्न का उत्पादन होता है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी दो हजार से अधिक महिलाएं इन फसलों की खेती से जुड़ी हैं, जबकि 500 से अधिक महिलाएं श्रीअन्न से ठेकुआ और कुकीज तैयार कर रही हैं। गिफ्ट हैंपर में रागी, कोदो, ज्वार और मिश्रित गेहूं से बने चार प्रकार के ठेकुआ शामिल किए जाएंगे। इससे पारंपरिक उत्पादों को नए ग्राहक मिल सकेंगे। ‘सोन अर्थ’ गिफ्ट हैंपर में सोनभद्र के जंगलों से संग्रहित प्राकृतिक जंगली शहद और कृषि उपज से तैयार हर्बल शहद भी रखा जाएगा। इसके अलावा प्रसिद्ध मंदिरों में चढ़ाए गए फूलों से तैयार शिवद्वार अगरबत्ती और प्राकृतिक सामग्री से बने चार प्रकार के हर्बल साबुन शामिल होंगे। जिले में एक हजार से अधिक महिलाएं शहद उत्पादन और संग्रहण से जुड़ी हैं। वहीं, 200 से अधिक महिलाएं मंदिरों में चढ़ाए गए फूलों से अगरबत्ती तैयार कर रही हैं। साबुन निर्माण के कार्य से भी एक हजार से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। इनमें नीम, एलोवेरा, तुलसी, हल्दी-चंदन और बकरी के दूध जैसी सामग्री से बने साबुन शामिल हैं। जिलाधिकारी के अनुसार, उत्पादों को लोकप्रिय बनाने के लिए होर्डिंग, हैंडबिल, पैम्फलेट और वीडियो प्रोमो के जरिए प्रचार किया जाएगा। इससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलने के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User