सोनभद्र की नवीन-मंडी में 30 फर्में और 50 दुकानें जलीं:3 घंटे की मशक्कत के बाद बुझाया, लाखों का नुकसान; व्यापारियों को साजिश की आशंका

Oct 20, 2026 - 10:52
0
सोनभद्र की नवीन-मंडी में 30 फर्में और 50 दुकानें जलीं:3 घंटे की मशक्कत के बाद बुझाया, लाखों का नुकसान; व्यापारियों को साजिश की आशंका
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में बढ़ौली चौक के पास स्थित नवीन सब्जी मंडी में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ। रात करीब 11 बजे मंडी के टीनशेड नंबर-दो में लगी आग ने देखते ही देखते कई दुकानों और फर्मों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई। कारोबारियों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अग्निकांड में आलू, प्याज, लहसुन, केला समेत अन्य सामान, दो बाइक, एक कार, इलेक्ट्रॉनिक कांटा मशीनें और बड़ी संख्या में कैरेट जलकर राख हो गए। दुकानों में रखी नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। शुरुआती आकलन में 25 से 40 लाख रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन अभी नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलते ही सदर विधायक भूपेश चौबे, एसडीएम और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने करीब तीन घंटे तक मशक्कत की, जिसके बाद रात लगभग दो बजे आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग से करीब 30 फर्मों और 50 लाइसेंसी दुकानों को नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आने से मंडी में रखा बड़ी मात्रा में व्यापारिक सामान नष्ट हो गया। घटना से जुड़ी 5 तस्वीरें देखिए… दुकान में सो रहे जगदीश सोनकर का सामान और नकदी जली अग्निकांड में जगदीश उर्फ राजू सोनकर की दुकान भी जल गई। बताया गया कि घटना के समय वह दुकान के अंदर सो रहे थे। दुकान में रखा सामान और काउंटर में मौजूद नकदी आग में जलकर राख हो गई। प्रदीप सोनकर, करण सोनकर, संतोष सोनकर समेत अन्य कारोबारियों को भी भारी नुकसान हुआ है। व्यापारियों के मुताबिक, दुकानों में रखा माल और नकदी नष्ट होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। माल आपूर्तिकर्ताओं के भुगतान को लेकर भी उनकी चिंता बढ़ गई है। शुरुआती नुकसान का आकलन 25 से 40 लाख रुपये तक बताया जा रहा है, लेकिन अंतिम आंकड़ा विस्तृत आकलन के बाद ही सामने आएगा। व्यापारियों ने साजिश का संदेह जताया कुछ व्यापारियों ने आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई है, जबकि कुछ ने साजिश की आशंका व्यक्त करते हुए जांच की मांग की। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ व्यापारियों ने दमकल की गाड़ियों के देर से पहुंचने का आरोप भी लगाया। सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि आग लगने का कारण जांच का विषय है। प्रशासन और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, यह राहत की बात है कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने बताया कि आग से आलू, प्याज, फल समेत व्यापारियों का सामान जला है। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित व्यापारियों को चिन्हित करने, नुकसान का आकलन कराने और क्षतिपूर्ति के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि आग किन परिस्थितियों में लगी, इसकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की अंतिम राशि का पता जांच एवं आकलन पूरा होने के बाद ही चल सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User