सोनभद्र में 118 किलो गांजा पकड़ा गया:ओडिशा से मीरजापुर लेकर जा रहे तीन तस्कर गिरफ्तार, 95 लाख का माल बरामद
सोनभद्र मे ऑपरेशन शुद्धि के तहत करमा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो कारों में छिपाकर रखा गया 118 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर मीरजापुर जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल एक्सयूवी-500 और ब्रेजा कार, पांच मोबाइल फोन तथा 8,280 रुपये नकद समेत कुल बरामदगी की कीमत करीब 95 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस लाइन में इसका खुलासा एएसपी ने किया। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने बताया कि 15 अक्तूबर की रात करमा थाना प्रभारी कमलेश पाल और एसओजी प्रभारी राम स्वरूप वर्मा की टीम ग्राम करनवाह जाने वाले तिराहे पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान हिंदुआरी की तरफ से आ रहीं दो कारें पुलिस को देखकर तिराहे से करीब 50 मीटर पहले ही वापस मुड़ने लगीं। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रात करीब 11:15 बजे दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान एक्सयूवी-500 में स्टेपनी के नीचे और ब्रेजा कार के पिछले तथा बीच वाले हिस्से में टेप से लिपटे पैकेट मिले। जांच में इनमें 118 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी विश्वजीत बारिक उर्फ कानू, रविंद्र नायक और मोहम्मद दानिश आलम के रूप में हुई है। एएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि सुंदरगढ़ निवासी एक व्यक्ति के कहने पर गांजा मीरजापुर में बताए गए लोगों तक पहुंचाना था। इसके बदले प्रत्येक को 15 हजार रुपये देने का आश्वासन मिला था। गांजा और वाहनों की व्यवस्था भी उसी व्यक्ति ने की थी। इस मामले में करमा थाने में मुकदमा दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गांजे के स्रोत, संभावित खरीदारों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)