सोनभद्र में एएनएम का अनिश्चितकालीन धरना:सीएमओ को पत्र देकर शासन तक पहुंचाने की अपील, जबरन हटाने के प्रयास का आरोप
सोनभद्र में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एएनएम कर्मियों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को भी जारी रहा। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को पत्र सौंपकर अपनी मांगें शासन तक पहुंचाने की अपील की। कर्मियों ने कहा कि मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। एएनएम कर्मियों का कहना है कि वे 21 सितंबर से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रही हैं। उनका आरोप है कि धरने के दौरान उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उन्हें धरना स्थल से हटाने का प्रयास किया गया। इससे कर्मियों में आक्रोश और असंतोष है। उन्होंने कहा कि वह किसी प्रकार का विवाद नहीं चाहतीं, बल्कि अपनी जायज मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से शासन-प्रशासन के सामने रख रही हैं। एएनएम कर्मियों ने सीएमओ को सौंपे पत्र में पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें समान कार्य के लिए समान वेतन, एएनएम कर्मियों का नियमितीकरण, अधिकतम आयु सीमा समाप्त कर एएनएम पद के लिए निर्धारित आयु सीमा लागू करना, क्षेत्रीय एवं सरकारी सुविधाओं का लाभ देना तथा एएनएम नर्सिंग कर्मियों का इसी जनपद में स्थानांतरण सुनिश्चित करना शामिल है। कर्मियों ने कहा कि लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें कई ऐसी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिसके लिए वे लगातार मांग उठा रही हैं। उनका कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान विभागीय स्तर पर नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। एएनएम कर्मियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने और उनकी समस्याओं को शासन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)