सोनभद्र में नवरात्र से पहले मूर्तिकारों की रफ्तार तेज:मां दुर्गा की प्रतिमाओं को दे रहे अंतिम रूप; महंगाई से बढ़ी लागत

Oct 11, 2026 - 18:59
0
सोनभद्र में नवरात्र से पहले मूर्तिकारों की रफ्तार तेज:मां दुर्गा की प्रतिमाओं को दे रहे अंतिम रूप; महंगाई से बढ़ी लागत
सोनभद्र में शारदीय नवरात्र के साथ ही जिले में भक्ति और उत्साह का माहौल बनने लगा है। शहर से गांव तक पूजा पंडाल सजने लगे हैं। बाजारों में पूजन सामग्री, फल-फूल और सजावटी सामान की मांग बढ़ गई है। वहीं, मूर्तिकारों की कार्यशालाओं में मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का काम तेज हो गया है। कहीं चेहरे की बनावट तो कहीं रंगाई और साज-सज्जा का काम चल रहा है। समय पर ऑर्डर पूरा करने के लिए कारीगर दिन-रात जुटे हैं। राबर्ट्सगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत बहुआर निवासी शंभू प्रसाद पिछले कई वर्षों से दुर्गा प्रतिमाएं बना रहे हैं। इस बार उन्हें करीब 40 प्रतिमाओं के ऑर्डर मिले हैं। उनके यहां छह से 15 फीट तक ऊंची प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। इनकी कीमत 10 हजार से 40 हजार रुपये तक है। शंभू प्रसाद के मुताबिक, एक प्रतिमा बनाने में 20 से 25 दिन लग जाते हैं। ऐसे में समय पर ऑर्डर पूरा करने के लिए परिवार के सदस्य और कारीगर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। बंगाल से आए कारीगर भी प्रतिमा निर्माण में सहयोग कर रहे हैं। उनके यहां तैयार प्रतिमाएं दुद्धी, रेणुकूट, ओबरा, घोरावल, राबर्ट्सगंज, रामगढ़ और अहरौरा समेत कई स्थानों के पूजा पंडालों में स्थापित की जाएंगी। चार महीने पहले शुरू किया प्रतिमा निर्माण कोलकाता से आए मूर्तिकार हीरू पाल समेत अन्य कलाकार भी प्रतिमाओं को आकर्षक रूप देने में जुटे हैं। हीरू पाल ने बताया कि वह हर साल नवरात्र के दौरान सोनभद्र आते हैं। इस बार उन्होंने करीब चार महीने पहले ही प्रतिमा निर्माण शुरू कर दिया था। उनके यहां लगभग सभी ऑर्डर मिल चुके हैं। एक प्रतिमा की कीमत पांच से 10 हजार रुपये तक है। महंगाई से बढ़ी लागत हीरू पाल ने बताया कि महंगाई के कारण इस बार प्रतिमा निर्माण में मुश्किलें बढ़ी हैं। मूर्तियां बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री महंगी होने से लागत बढ़ गई है। इसके बावजूद पूजा समितियों तक समय पर प्रतिमाएं पहुंचाना जरूरी है। नवरात्र का पर्व मूर्तिकारों, कारीगरों और दुकानदारों के लिए रोजगार के अवसर भी लेकर आया है। तैयारियों के बीच जल्द ही पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित होंगी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User