सपा का आरोप सरकारी कमर्चारी कर रहे भाजपा का प्रचार:मुरादाबाद डीआईओएस कार्यालय के कर्मचारी जीत सिंह पर पक्षपात का लगाया आरोप
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपकर बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 में आदर्श आचार संहिता के गंभीर उल्लंघन की शिकायत की है। पार्टी का आरोप है कि मुरादाबाद जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के कर्मचारी जीत सिंह भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों का खुलेआम प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि जीत सिंह एक विद्यालय के निजी वाहन का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसका उपयोग प्रधानाध्यापक सहित शिक्षक और स्टाफ करते हैं। इसी वाहन से वे भाजपा प्रत्याशी का प्रचार कर रहे हैं। इसके अलावा वे मुरादाबाद के शिक्षकों के व्हाट्सएप ग्रुप में रोज पोस्ट डालकर डॉ. ढिल्लों को विजयी बनाने की अपील कर रहे हैं और उन्हें अग्रिम बधाई भी दे रहे हैं। समाजवादी पार्टी का कहना है कि जिला निर्वाचन अधिकारी मुरादाबाद को शिकायत देने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे चुनाव प्रभावित हो रहा है। पार्टी ने मांग की है कि कर्मचारी जीत सिंह के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में एफआईआर दर्ज की जाए, उन्हें तत्काल निलंबित किया जाए और गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। पार्टी का दावा है कि तभी चुनाव पारदर्शी, निष्पक्ष, स्वतंत्र और निर्भीक हो सकेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में के.के. श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र और राधेश्याम सिंह शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)