सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका:फर्रुखाबाद में इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला पैदल मार्च, की नारेबाजी
फर्रुखाबाद में राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पैदल मार्च निकाला। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में निकला मार्च भोलेपुर क्रॉसिंग से शुरू होकर जेएनवी रोड स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचा। यहां कार्यक्रम का समापन किया गया। पैदल मार्च के लिए सुबह से ही सपा कार्यकर्ता आवास विकास स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचने लगे थे। करीब 11:30 बजे जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव भोलेपुर रेलवे पुल के पास पहुंचे। इसके बाद धीरे-धीरे कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ती गई। पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, पूर्व विधायक अजीत कठेरिया, वरिष्ठ नेता सरल दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुकी, रजत क्रांतिकारी, मनोज मिश्रा और पूर्व मंत्री सर्वेश अंबेडकर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मार्च में शामिल हुए। कार्यकर्ता हाथों में सपा के बैनर और लिखी हुई तख्तियां लेकर आगे बढ़े। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और चुनाव आयोग की निष्पक्षता की मांग को लेकर नारेबाजी की गई। अंबेडकर प्रतिमा के पास फूंके तीन पुतले मार्च अंबेडकर प्रतिमा के पास पहुंचा, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का फोटो लगाया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तीन पुतले फूंके और नारेबाजी की। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान किया गया। जिलाध्यक्ष बोले- इस्तीफा नहीं दिया तो आंदोलन जारी रहेगा सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्षी दलों और मतदाताओं के बीच सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी पुतला फूंका गया है, आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। यदि इस्तीफा नहीं दिया गया तो पार्टी कार्यकर्ता आगे भी संघर्ष करेंगे। हाथों में तख्तियां, लगाए नारे प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता अलग-अलग नारे लिखी पट्टिकाएं लेकर चल रहे थे। इनमें "एक कचौड़ी दो समोसा, ज्ञानू तेरा क्या भरोसा", "राजा की जान तोते में", "गली-गली में शोर है, ज्ञानेश चोर है" और "चुनाव आयोग मुर्दाबाद" जैसे नारे लिखे थे। पुलिस प्रशासन भी रहा मौजूद पैदल मार्च को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा। शुरुआत में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। बाद में दरोगा समेत फतेहगढ़ कोतवाली की पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख राशिद जमाल सिद्दीकी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मदाबाद हरीश कुमार, वरिष्ठ सपा नेता जेपी वर्मा, पूर्व राष्ट्रीय सचिव युवजन सभा विवेक सिंह यादव, युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र सिंह यादव सिरौली, राजन यादव, नरेंद्र यादव, भोला यादव, पुष्पेंद्र यादव, सौरभ कटियार, शशांक सक्सेना, इलियास मंसूरी, रोमित सक्सेना, विमल यादव, अनुराग यादव, शिवम यादव, विजय अनुरागी, आनंद यादव, केके यादव, ओम प्रकाश शर्मा, सिराजुल अफाक मुन्ना और सुलक्षणा सिंह सहित बड़ी संख्या में सपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)