सपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका:खूब हुई नारेबाजी, ज्ञापन देकर कार्यकर्ताओं ने मांगा इस्तीफा
हरदोई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनावी प्रक्रियाओं में सुधार की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने हरदोई में एक बड़ा प्रदर्शन किया। एक तरफ कलेक्ट्रेट परिसर में पार्टी नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार को ज्ञापन सौंपा। दूसरी ओर कलेक्ट्रेट गेट के बाहर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन बुधवार के दोपहर करीब 2 बजे हुआ। विरोध प्रदर्शन की शुरुआत नगर पालिका स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय से हुई। यहाँ से सभी सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी लामबंद होकर सोल्जर बोर्ड चौराहे के रास्ते कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ-साथ केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में महिला कार्यकर्ताओं ने भी पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर "वोट चोर गद्दी छोड़", "ज्ञानेश कुमार हटाओ, लोकतंत्र बचाओ" और "वोट बचाओ देश बचाओ" जैसे नारे लिखे हुए थे। इस प्रदर्शन से पहले कलेक्ट्रेट गेट के बाहर समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव राम ज्ञान गुप्ता और युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष हरिनाम यादव के नेतृत्व में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर कड़ा विरोध जताया गया। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद निवर्तमान जिलाध्यक्ष शराफत अली के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। शराफत अली ने चुनाव आयोग की पूरी प्रक्रिया (SIR प्रक्रिया) पर गंभीर सवाल उठाए और कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। प्रदर्शन में मुख्य रूप से पूर्व विधायक अनिल वर्मा, सपा नेता अखिलेश पाठक, नीलू सत्यार्थी, फूलचंद वर्मा, प्रदीप कुशवाहा, पूनम सरोज, निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह पाल, राहुल गुप्ता, अमित बाजपेई, सुशील हंस, अनिल यादव, धर्मवीर यादव, निवर्तमान जिला महासचिव चंद्रशेखर पाल, रियासत खान, महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव सुनीता मित्रा, राष्ट्रीय सचिव मंजू वर्मा, सीमा यादव, महिला सभा की जिला महासचिव अलका दीक्षित, अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमान खान, पार्षद रामनरेश चौरसिया समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)