सपा नेता बोले-आयोग की पोल खुल गई इसलिए कार्यक्रम कैंसिल:मुख्य चुनाव आयोग का मेरठ और वाराणसी में होना था युवा संवाद
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मेरठ और वाराणसी दौरा फिलहाल स्थगित हो गया । उन्हें 25 सितंबर को मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) में Gen-Z के साथ संवाद करना था। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद उठे सवालों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त का दौरा स्थगित होने को लेकर चर्चाएं हैं। आयोग के भीतर मतभेद होने की बात भी सामने आ रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। युवाओं से निर्वाचन प्रक्रिया पर होना था संवाद मेरठ में विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ संवाद के जरिए युवाओं को मतदाता सूची, मतदान और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने की योजना थी। साथ ही युवाओं को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवाल मुख्य चुनाव आयुक्त के सामने रखने और उनके जवाब जानने का मौका भी मिलना था। ELC 2.0 और ECI-Net के क्षेत्रीय सम्मेलन के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शैक्षिक संस्थानों को निर्वाचन साक्षरता से जोड़ने की भी योजना थी। सपा नेता ने कहा- युवाओं के सवालों से बचने के लिए कार्यक्रम रद्द किया मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मेरठ दौरे के स्थगित होने पर समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश महासचिव सम्राट मलिक ने कहा कि अब उनकी पोल खुल गई है। उन्होंने कहा कि अब वे क्यों आएंगे, क्योंकि उनकी पोल खुल गई है। अगर वे मेरठ आते तो क्या युवा उनसे सवाल नहीं करते? उनसे पूछा जाता कि वोट क्यों चोरी कर रहे थे और इसका सामना कैसे करेंगे। सम्राट मलिक ने कहा कि वे भी युवाओं के प्रतिनिधि हैं और अभी विश्वविद्यालयों में भी कार्यक्रम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार युवाओं को टारगेट कर रही है, युवाओं से संवाद और युवाओं के बीच कार्यक्रम किए जा रहे हैं जिससे युवाओं को बेहला सके लेकिन अब देश का युवा जागरूक हो चुका है। जब 2014 में भाजपा की सरकार आई थी, तब उन्होंने देश के युवाओं को बहकाया और फुसलाया था और युवाओं को बहका-फुसलाकर सरकार बनाई थी। उन्होंने कहा कि वही युवा आज तैयार बैठा है और इनकी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है। इसलिए युवाओं से संवाद करके अपनी बात उन तक पहुंचाने और उन्हें दोबारा बहलाने-फुसलाने का काम करना चाहते हैं। मलिक ने कहा कि आज का युवा पढ़ा-लिखा और समझदार है। वह छोटी-छोटी चीजों को समझता है और लगातार जो चीजें हो रही हैं, उन पर सवाल करता है। उन्होंने कहा कि अब ज्ञानेश कुमार ने जैसे आज कार्यक्रम कैंसिल किया है, शाम को सोशल मीडिया पर ज्ञानेश कुमार के मीम्स और रील्स देखना, वे खुद बता देंगे कि कार्यक्रम क्यों कैंसिल किया गया। सम्राट मलिक ने आरोप लगाया कि जेन-जी का मुकाबला भाजपा और चुनाव आयोग नहीं कर सकता, क्योंकि उनका पर्दाफाश हो चुका है। आज चुनाव आयोग की पोल खुल गई है और इसलिए लोग अखिलेश यादव और राहुल गांधी को याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी को लोग याद कर रहे हैं और वोट चोरी का मुद्दा पहले भी उनके नेता बता रहे थे। उस समय कोई मानने को तैयार नहीं था, लेकिन आज जब सबके सामने खुलकर आया कि उनके नेता सही बोल रहे थे, तो इनके कार्यक्रम कैंसिल होने लगे। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसा ही होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)