सपा पार्षद समेत 20 पर कोर्ट के आदेश पर FIR:गोरखपुर में मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप; पार्षद बोले- कोर्ट में अपना पक्ष रखूंगा

Sep 30, 2026 - 06:17
0
सपा पार्षद समेत 20 पर कोर्ट के आदेश पर FIR:गोरखपुर में मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप; पार्षद बोले- कोर्ट में अपना पक्ष रखूंगा
गोरखपुर के राजघाट थाना क्षेत्र के हनुमानचक स्थित श्री ठाकुरजी हनुमान मंदिर की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। मंदिर का देखभाल करने वाले रामप्रकाश दास की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से पुलिस ने सपा पार्षद विजेंद्र अग्रहरी समेत 20 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि मंदिर की जमीन से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे बेचने और कब्जा करने की कोशिश की गई। जनवरी और अगस्त में जमीन पर मिट्टी डालकर उसे पाटने का भी आरोप लगाया गया है। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की बात कही गई है। मंदिर की जमीन पर हाउस टैक्स और भवन संख्या जारी कराने का आरोप रामप्रकाश दास के मुताबिक, मंदिर के नाम पर जमीन दर्ज है। वह 15 दिसंबर 1998 के पंजीकृत वसीयतनामा के आधार पर मंदिर के उत्तराधिकारी और सर्वराकार के रूप में दर्ज हैं। आरोप है कि कुछ लोगों ने मंदिर की जमीन पर मकान बने बिना ही नगर निगम से हाउस टैक्स और भवन/भूखंड संख्या जारी करा ली। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में जमीन के बैनामे और दूसरे दस्तावेज तैयार किए गए। जनवरी में जेसीबी से मिट्टी डालने का आरोप शिकायत के अनुसार, 5 जनवरी 2026 को स्थानीय पार्षद विजेंद्र अग्रहरी ने जेसीबी से मंदिर की जमीन पर मिट्टी डलवाकर उसे पाटना शुरू कराया। इसकी जानकारी मिलने पर मंदिर के पुजारी कमलदास मौके पर पहुंचे और काम रुकवा दिया। आरोप है कि इस दौरान विरोध करने पर पुजारी के साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। अगस्त में फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली से पहुंचे शिकायतकर्ता का आरोप है कि 20 अगस्त को विजेंद्र अग्रहरी अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर विवादित जमीन पर पहुंचे। वहां फिर मिट्टी डाली जा रही थी। विरोध करने पर जमीन खाली नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। रामप्रकाश दास का कहना है कि मंदिर की जमीन सरकारी अभिलेखों में दर्ज है और उन्होंने इसे कभी नहीं बेचा। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन 20 लोगों पर दर्ज हुआ केस पुलिस ने विजेंद्र अग्रहरी, रामअवतार, दिग्विजयनाथ, अशोक कुमार अग्रहरी, चंद्रगुप्ता, सुशीला लोहिया, सत्य प्रकाश, शालिनी गुप्ता, रंजीत, अरविंद जायसवाल, विमला, कृष्ण प्रकाश, ज्योति प्रकाश, पियूष गुप्ता, इमरान खान, कृष्ण मुरारी, कृष्णकांत शर्मा, विनय कुमार, पंकज कुमार और सुरेंद्र कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है। पार्षद बोले- 2018 में कराया था बैनामा मामले में वार्ड के पार्षद विजेंद्र अग्रहरी ने आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा, "मैंने 2018 में जमीन का बैनामा कराया था। कोर्ट में अपना पक्ष रखूंगा। मेरे ऊपर लगाया गया आरोप पूरी तरह निराधार है।"

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User