सपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- भाजपा निगेटिव पार्टी:MLC चुनाव में सभी 11 और 2027 में 300 सीटें जीतकर सरकार बनाने का दावा
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भारतीय जनता पार्टी को देश, संविधान और लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए उसे ‘निगेटिव’ पार्टी करार दिया है। शुक्रवार को प्रयागराज में पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक लेने पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष ने बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव में वह सभी 11 सीटें जीत रहे हैं। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव में 300 से अधिक सीटें हासिल कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को तन-मन-धन से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान करने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए श्यामलाल पाल ने एनडीए और पीडीए के सियासी ताने-बाने को नए सिरे से परिभाषित किया। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का मतलब पॉज़िटिव यानी सकारात्मक सोच है, जो संविधान और लोकतंत्र को बचाने का काम करता है। वहीं दूसरी ओर, एनडीए का 'एन' निगेटिव सोच को दर्शाता है और भाजपा की सामंतवादी सोच का आजादी से लेकर आज तक देश के विकास में कोई योगदान नहीं रहा है। सत्तारूढ़ दल के पाप का घड़ा भर गया
सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व संपर्क में है और समय आने पर सीट बंटवारे का पारदर्शी फैसला कर लिया जाएगा। 2027 का चुनाव महज सत्ता की लड़ाई न होकर सामाजिक न्याय और संविधान को बचाने का निर्णायक संघर्ष होगा। प्रदेश की जनता भाजपा के भ्रमजाल से अब बाहर आ चुकी है और सत्तारूढ़ दल के पाप का घड़ा पूरी तरह भर गया है, जिसकी स्थिति मौजूदा एमएलसी चुनाव के नतीजों से ही पूरी तरह साफ हो जाएगी। रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा
रोजगार और युवाओं के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने उप मुख्यमंत्री के बयानों पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने के स्थान पर डिप्टी सीएम उन्हें ई-रिक्शा चलाने की नसीहत दे रहे हैं, लेकिन जिस दिन वह खुद यह काम शुरू कर देंगे, उस दिन प्रदेश की जनता भी उनसे नौकरियां मांगना छोड़ देगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)