सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव का डिप्टी सीएम पर पलटवार:बोले- केशव मौर्य का है 'DCM कनेक्शन', जनता सब जानती है
इलाहाबाद-झांसी स्नातक खंड एमएलसी चुनाव को लेकर राजनीतिक हलके में जुबानी जंग तीखी हो गई है। बुधवार को प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयानों पर आक्रामक पलटवार किया। सपा प्रत्याशी ने सीधा तंज कसते हुए कहा कि केशव मौर्य का 'DCM कनेक्शन' है, जिसे प्रयागराज, कौशांबी समेत प्रदेशभर की जनता अच्छी तरह से जानती है। डीसीएम कनेक्शन को पर्दे में ही रहने दीजिए। समय आने पर सही- सही आरोप लगेंगे। अब कीचड़ उछाल रही है बीजेपी सपा प्रत्याशी ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि चुनाव मैदान में उतरने के बाद भाजपा के पास जनता को गिनाने के लिए कोई विकास का मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब विरोधियों का सामना करने के लिए कुछ नहीं सूझता, तब सत्ता पक्ष के नेता एक बाल्टी कीचड़ लेकर मैदान में उतर आते हैं। डॉ. यादव ने कहा कि डिप्टी सीएम लगातार गलत बयानबाजी कर रहे हैं, लेकिन जनता इनकी कार्यशैली से भली-भांति वाकिफ है। फर्जी डिग्री और आरोपों पर खुली चुनौती मंगलवार को डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने डॉ. मानसिंह यादव को 'शिक्षा माफिया' करार देते हुए उन पर फर्जी डिग्रियां बेचने और चुनाव के दौरान पैसों के साथ पकड़े जाने के गंभीर आरोप लगाए थे। बुधवार को इन तमाम आरोपों का करारा जवाब देते हुए सपा प्रत्याशी ने इन्हें सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा कि हिम्मत है तो इन सभी आरोपों की जांच करवा लो, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के लोगों की खुद की डिग्रियां फर्जी हैं। उन्होंने कहा कि झूठे आरोप लगाने के मामले में डिप्टी सीएम के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज हो सकता है। सपा प्रत्याशी ने केशव के राजनीतिक वजूद पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता इनके कारनामे जान चुकी है, इसीलिए अब इन्हें नकार रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता सब जानती है कि आखिर इनका नाम 'DCM' से क्यों जुड़ता है। चुनाव में अपनी जमीन खिसकती देख वह कीचड़ उछालने की राजनीति कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)