सपा सांसद बोले-मुख्य चुनाव आयुक्त सिर्फ भाजपा की सुनते हैं:इस्तीफा दें, एसपी सिंह का दावा- भाजपा के 80 विधायक सपा के संपर्क में
हरदोई में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे प्रतापगढ़ से सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के करीब 80 विधायक समाजवादी पार्टी के संपर्क में हैं। सांसद के मुताबिक, इन विधायकों को 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट कटने का डर है और वे सपा से टिकट पाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की। मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगाए आरोप रेलवेगंज स्थित एक होटल में स्नातक एमएलसी प्रत्याशी कांति सिंह और शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी सुशील कुमार के समर्थन में आयोजित बैठक के दौरान प्रेसवार्ता हुई। इसमें सांसद ने चुनाव आयोग की कार्यशैली और एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार शिकायतों पर ध्यान नहीं देते और केवल भाजपा की सुनते हैं। सांसद ने कहा कि उनसे मौखिक या लिखित शिकायत करने से भी कोई फर्क नहीं पड़ता। इसी आधार पर उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से पद छोड़ने की मांग की। सांसद एसपी सिंह पटेल ने कहा कि भाजपा के भीतर असंतोष है और करीब 80 विधायकों को आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट कटने की आशंका है। उनके अनुसार, इसी वजह से ये विधायक सपा के संपर्क में हैं और पार्टी से टिकट मांगने की तैयारी कर रहे हैं। यह दावा सांसद ने प्रेसवार्ता के दौरान किया। CJP कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग सांसद ने युवाओं का मुद्दा उठाते हुए एक जज के बयान के बाद गठित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के कार्यकर्ताओं को तत्काल रिहा करने की मांग की। कांग्रेस के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास वर्तमान में दो विधायक हैं। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में उसे इसी संख्या के आधार पर अपनी हिस्सेदारी का दावा पेश करना चाहिए। बैठक में ये नेता रहे मौजूद इस मौके पर पूर्व सांसद उषा वर्मा, पूर्व एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप, पूर्व विधायक आसिफ खान बब्बू, राजेश्वरी देवी, अनिल वर्मा, निवर्तमान जिलाध्यक्ष शराफत अली, पूर्व जिलाध्यक्ष पदमराज सिंह पम्मू, अजय पाल, अखिलेश पाठक और अमित वाजपेयी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)