सपा सांसद पुष्पेन्द्र बोले- 3 महीने बाद अखिलेश बनेंगे मुख्यमंत्री:कौशांबी में कांशीराम की पुण्यतिथि पर बोले- इंद्रजीत सरोज भी बनेंगे मंत्री

Oct 09, 2026 - 17:59
0
सपा सांसद पुष्पेन्द्र बोले- 3 महीने बाद अखिलेश बनेंगे मुख्यमंत्री:कौशांबी में कांशीराम की पुण्यतिथि पर बोले- इंद्रजीत सरोज भी बनेंगे मंत्री
कौशांबी के मंझनपुर में शुक्रवार को मान्यवर कांशीराम की 20वीं पुण्यतिथि मनाई गई। नगरेहा खुर्द स्थित रैना बसेरा में आयोजित कार्यक्रम में सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सपा सांसद पुष्पेन्द्र सरोज ने दावा किया कि तीन महीने बाद अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे और इंद्रजीत सरोज मंत्री बनकर लोगों को हक और अधिकार दिलाएंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय महासचिव और मंझनपुर विधायक इंद्रजीत सरोज तथा विशिष्ट अतिथि कौशांबी सांसद पुष्पेन्द्र सरोज रहे। दोनों नेताओं ने कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इंद्रजीत सरोज ने कहा कि कांशीराम ने दलितों और पिछड़ों के अधिकारों की आवाज उठाई। उन्होंने इन वर्गों को राजनीतिक मुख्यधारा में लाने और आगे बढ़ाने में अतुलनीय योगदान दिया। उनके विचारों को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। बोले- कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे सांसद पुष्पेन्द्र सरोज ने आगामी विधानसभा चुनाव में सपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलने वाला है। उन्होंने कहा, “सपा मुखिया अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनने वाले हैं और आपके नेता इंद्रजीत सरोज मंत्री बनकर आपको हक और अधिकार दिलाएंगे। बस तीन महीने की बात है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से संघर्ष जारी रखने की अपील की। साथ ही कहा कि वे मंझनपुर में लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलते रहेंगे। जहां भी बैठक आयोजित करने की जरूरत होगी, कार्यकर्ता उनसे संपर्क कर सकते हैं। वह खुद उनके साथ जाकर लोगों से मिलेंगे और उनकी बात सुनेंगे। भाजपा पर कांशीराम की सोच पर हमला करने का आरोप पुष्पेन्द्र सरोज ने कहा कि कांशीराम के सामाजिक परिवर्तन के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने भाजपा पर कांशीराम की सोच और उनके विचारों पर प्रहार करने का आरोप लगाया। कहा कि उनकी विचारधारा को बचाने और आगे बढ़ाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट रहना होगा। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव, सपा नेता कैलाश चंद्र केसरवानी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User