सपा विधायक बोले-SIR के खिलाफ सड़क से संसद तक लड़ाई:ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मुकदमे की मांग, गांव-गांव अभियान चलाएगी पार्टी
प्रयागराज की मेजा विधानसभा सीट से सपा विधायक संदीप पटेल ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। इसके लिए पार्टी ने अभियान शुरू किया है। दैनिक भास्कर से बातचीत में संदीप पटेल ने कहा कि यह लड़ाई मतदाताओं के अधिकार और लोकतंत्र को बचाने के लिए है। उन्होंने दावा किया कि सपा गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगी और जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। अब पढ़िए पूरी बातचीत…. सवाल: वोट चोरी के खिलाफ सपा का क्या अभियान है? जवाब: भाजपा वोट चोरी और बेईमानी के आधार पर सरकारें बनाना चाहती है। मोदी सरकार ने लोकतंत्र को खतरे में डाल दिया है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव के दौरान ही आशंका जताई थी कि भाजपा पूर्ण बहुमत में आई तो संविधान बदलने और लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश करेगी। आज सरकार के इशारे पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के जरिए वोट चोरी कराए जाने का हमारा आरोप है। उन्हें हटाने के लिए सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ी जाएगी। सवाल: इस अभियान को जमीन पर उतारने के लिए सपा की क्या योजना है? जवाब: हम इस अभियान को आक्रामक तरीके से चला रहे हैं। 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक इसे युद्ध स्तर पर चलाया जाएगा। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ गांवों में भी घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके बाद जिला मुख्यालयों पर बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। सवाल: इस आंदोलन के जरिए सपा की क्या मांगें हैं? जवाब: हमारी मांग है कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें और उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज किए जाएं। हमारा आरोप है कि निर्वाचन व्यवस्था में गड़बड़ी कर मतदाताओं के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान, मतदाता के अधिकार और लोकतंत्र के अस्तित्व से जुड़ी है। सवाल: भाजपा चुनाव आयोग के पक्ष में खड़ी है, ऐसे में सपा इस मुहिम को कैसे आगे बढ़ाएगी? जवाब: भाजपा जनता के वोट के दम पर निष्पक्ष चुनाव लड़ने का साहस नहीं जुटा सकती। गांवों और शहरों में उसके प्रति लोगों का अविश्वास बढ़ रहा है। इसी वजह से भाजपा कभी ईवीएम तो कभी मतदाता सूची में गड़बड़ी का सहारा लेती है। अब उसकी हर सच्चाई जनता के सामने आ रही है। सवाल: जनता की क्या प्रतिक्रिया मिल रही है और ग्रामीण इलाकों का मूड कैसा है? जवाब: गांवों में किसान, मजदूर और नौजवान सतर्क और जागरूक हैं। लोग अपने अधिकारों को लेकर चिंतित हैं। जनता समझ चुकी है कि अगर उत्तर प्रदेश में भाजपा को नहीं रोका गया, तो दिल्ली में भी बदलाव नहीं हो सकता। दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। हम यूपी से भाजपा को हटाकर केंद्र में मजबूत समाजवादी और जनपक्षीय सरकार बनाना चाहते हैं। सवाल: आपकी मांगों को अनसुना किया गया तो सपा का अगला कदम क्या होगा? जवाब: हम हर मतदाता से सीधा संवाद करेंगे। गांवों में चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक करेंगे और मतदाता सूची की सुरक्षा के लिए काम करेंगे। जरूरत पड़ी तो सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेंगे। हम लोकतांत्रिक तरीकों से सरकार बदलने की लड़ाई जारी रखेंगे। सवाल: जनता को सपा और अखिलेश यादव से क्या उम्मीदें हैं? जवाब: जनता को हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व पर भरोसा है। लोगों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश का विकास होगा, युवाओं को रोजगार और सरकारी नौकरियां मिलेंगी और किसानों को सम्मान मिलेगा। आज लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले युवाओं और नागरिकों पर लाठियां बरसाई जाती हैं। यह दौर खत्म होना चाहिए। डॉ. मान सिंह यादव और दूसरे साथियों के साथ हम तब तक संघर्ष करते रहेंगे, जब तक प्रदेश में अमन-चैन और सम्मान की राजनीति स्थापित नहीं होती।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)