सपेरा समाज के 26 परिवारों को मिलेगा आवासीय पट्टा:शासन ने दिए कार्रवाई के निर्देश, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने की पहल

Oct 14, 2026 - 17:33
0
सपेरा समाज के 26 परिवारों को मिलेगा आवासीय पट्टा:शासन ने दिए कार्रवाई के निर्देश, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने की पहल
कानपुर देहात में सपेरा समाज के 26 परिवारों को अपनी जमीन और आशियाना मिलने की उम्मीद जगी है। अकबरपुर-रनिया की विधायक और राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला की पहल के बाद शासन ने रनिया नगर पंचायत की भूमि के मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने बुधवार शाम 4 बजे इसकी जानकारी दी। हालांकि, अभी आवासीय भूमि के पट्टे जारी नहीं हुए हैं। 26 परिवारों को पट्टे पर दी जानी है भूमि नगर पंचायत रनिया की बंजर भूमि का मामला शासन तक पहुंचा था। इस भूमि को सपेरा समाज के 26 पात्र व्यक्तियों को आवासीय पट्टे पर देने का प्रस्ताव है। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने पात्र परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने के लिए पहल की। इसके बाद शासन ने संबंधित भूमि के प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पट्टा मिलने से सुरक्षित आशियाने की उम्मीद शासन के निर्देश के बाद लंबे समय से आवासीय भूमि की उम्मीद लगाए परिवारों को राहत मिली है। इन परिवारों के लिए पट्टा मिलने से अपना घर बनाने और सुरक्षित भविष्य की दिशा में रास्ता खुल सकता है। अब पात्रता के परीक्षण और अन्य औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। प्रतिभा शुक्ला बोलीं- वंचित परिवारों को सम्मान से जीने का अवसर देना प्राथमिकता राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि गरीब और वंचित परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है। अपना घर हर परिवार की बुनियादी जरूरत है। यह सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार बनता है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के प्रति आभार जताया। कहा कि सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। फिलहाल, शासन के निर्देशों के बाद सपेरा समाज के 26 परिवारों को आवासीय पट्टे मिलने का इंतजार है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User