सरकारी आवास में शॉर्ट सर्किट से आग, सिलेंडर-फ्रिज में धमाका:4 माह के बेटे को लेकर महिला ने बचाई जान, डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया

Sep 28, 2026 - 22:51
0
सरकारी आवास में शॉर्ट सर्किट से आग, सिलेंडर-फ्रिज में धमाका:4 माह के बेटे को लेकर महिला ने बचाई जान, डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया
पारा के मोहान रोड स्थित दुल्लूखेड़ा में सोमवार शाम टीवी में हुए शॉर्ट सर्किट से सरकारी आवास में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। मकान में मौजूद महिला अपने चार माह के बेटे को लेकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बाहर निकल गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ देर बाद किचन में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इसके बाद फ्रिज का कंप्रेसर भी धमाके के साथ फट गया। धमाकों की आवाज से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। कोई जनहानि नहीं हुई। समाज कल्याण विभाग की तरफ से मिला है आवास पुलिस के मुताबिक, जीबी पंत पॉलिटेक्निक कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गोविंद गोस्वामी समाज कल्याण विभाग से मिले सरकारी आवास में पत्नी अनिता, बेटे गौरव, बहू वर्षा, आठ वर्षीय पोते गणेश और चार माह के कार्तिकेय के साथ रहते हैं। बहू वर्षा के अनुसार सोमवार शाम करीब 7 बजे उसकी सास अनिता ने टीवी चालू किया था। इसी दौरान टीवी के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और कमरे में आग लग गई। आग देख बाहर निकली, दरवाजा बंद कर दिया वर्षा ने बताया- आग तेजी से फैलती देख वर्षा चार माह के बेटे कार्तिकेय को गोद में लेकर परिवार के साथ मकान से बाहर निकल गई। इसके बाद कमरे का दरवाजा बंद कर दिया गया। कुछ ही देर में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। किचन में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इसके बाद फ्रिज का कंप्रेसर भी धमाके के साथ फट गया। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। दीवार और छत को नुकसान पहुंचा एफएसओ आलमबाग धर्मपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। मकान के दरवाजे तोड़कर दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। 7 बजे आग लगी, 8:30 बजे पूरी तरह से बुझा दी गई। सिलेंडर और फ्रिज में हुए धमाके से मकान की दीवार और छत भी क्षतिग्रस्त हो गई। आग से घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User