सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला अरेस्ट:12वीं पास है आरोपी, अब तक 1.25 करोड़ रुपए ठग चुका

Oct 10, 2026 - 19:00
0
सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला अरेस्ट:12वीं पास है आरोपी, अब तक 1.25 करोड़ रुपए ठग चुका
आगरा में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले शातिर को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वीरू शर्मा के रूप में हुई है। आरोप है कि वह सरकारी और संविदा पदों पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर लोगों से रुपये ऐंठता था। अब तक वो कई लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता अरविंद कुमार सक्सेना ने सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 13.25 लाख रुपये की ठगी की शिकायत की थी। साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच की गई। इसमें शमसाबाद रोड निवासी वीरू शर्मा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने बताया कि वह लोगों को यूपी पुलिस, स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ नर्स, सचिवालय में लिपिक, मेट्रो, राजस्थान के धौलपुर में शिक्षा विभाग में नौकरी लगवाने का दावा करता था। झांसे में लेने के लिए व्हाट्सऐप पर नौकरी के फर्जी रिजल्ट और जॉइनिंग लेटर भेजता था। नौकरी पाने की उम्मीद में लोग उसके झांसे में आकर रुपये दे देते थे। फर्जी दस्तावेजों से लोगों को फंसाता था आरोपी फर्जी रिजल्ट और नियुक्ति पत्र भेजकर लोगों को भरोसे में लेता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी 12वीं पास है। इसके बावजूद वह लोगों को सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का दावा कर उनसे मोटी रकम वसूलता था। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने मामले की जांच की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दो मोबाइल फोन बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रेडमी और इनफिनिक्स कंपनी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन से ठगी से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस ठगी में आरोपी के साथ और कौन-कौन शामिल था तथा ठगी की रकम किन लोगों तक पहुंची। पुलिस की पूछताछ में अब तक करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की ठगी की बात सामने आई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User