सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जोड़ने का अभियान:महिला, युवा, दिव्यांग और पहली बार वोटर बनने वालों पर रहेगा विशेष जोर
रामपुर। मतदाता सूची में कोई भी पात्र नागरिक नाम दर्ज होने से न छूटे, इसके लिए निरंतर पुनरीक्षण-2026 के दौरान विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान में महिला, युवा, दिव्यांग, बेघर और पहली बार मतदाता बनने वालों पर विशेष जोर रहेगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने रविवार शाम 5 बजे बताया कि अभियान का उद्देश्य ‘कोई मतदाता न छूटे’ के लक्ष्य को पूरा करना है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 1 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़े जाएंगे। विशेष रूप से ऐसे युवाओं को सूची में शामिल किया जाएगा, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है और पहली बार मतदान के लिए पात्र हुए हैं। इसके अलावा महिलाओं, दिव्यांगों और बेघर लोगों के नाम भी प्राथमिकता के आधार पर शामिल कराने पर जोर रहेगा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा। महिला कल्याण, उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा, दिव्यांगजन, ग्राम्य विकास और युवा कल्याण विभाग के माध्यम से पात्र नागरिकों को जागरूक किया जाएगा। संबंधित विभाग अपने स्तर से ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पात्र नागरिक ECINET, Voter Helpline App या भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से फार्म-6 भर सकते हैं। मतदाता सूची में दर्ज नाम या विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 और नाम हटाने के लिए फार्म-7 के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि नाम सूची में दर्ज नहीं है तो निर्धारित माध्यम से आवेदन कर नाम जुड़वाएं। प्रशासन का प्रयास है कि विशेष अभियान के माध्यम से कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और सभी पात्र मतदाताओं को मतदान का अधिकार मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)