सुकन्या समृद्धि योजना का पैसा नहीं हो रहा जमा:सुल्तानपुर में अप्रैल से सर्वर डाउन, पासबुक बनवाने में भी दिक्कत

Oct 14, 2026 - 07:58
0
सुकन्या समृद्धि योजना का पैसा नहीं हो रहा जमा:सुल्तानपुर में अप्रैल से सर्वर डाउन, पासबुक बनवाने में भी दिक्कत
सुल्तानपुर में ग्रामीण क्षेत्रों में डाकघर का सर्वर लगातार डाउन रहने से सुकन्या समृद्धि योजना के खाताधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गोसाईंगंज उप डाकघर में लोग पैसा जमा करने के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनका काम नहीं हो पा रहा है। हयात नगर निवासी दिव्यांग खाताधारक संगम लाल का आरोप है कि वह अप्रैल से लगातार डाकघर जा रहे हैं, लेकिन अब तक खाते में पैसा जमा नहीं कर पाए हैं। गांव के चार-पांच अन्य खाताधारकों को भी इसी समस्या से जूझना पड़ रहा है। संगम लाल ने बताया कि वह सुकन्या समृद्धि योजना में पैसा जमा करने गोसाईंगंज डाकघर जाते हैं, तो सर्वर डाउन होने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया जाता है। पासबुक खराब होने पर नई पासबुक बनवाने के लिए कहा, तो उन्हें जिला मुख्यालय स्थित मुख्य डाकघर भेज दिया गया। वहां भी संबंधित ब्रांच में जाने की बात कहकर वापस लौटा दिया गया। ऐसे में उन्हें जमा राशि और पासबुक से जुड़े काम के लिए लगातार चक्कर काटने पड़ रहे हैं। ऑनलाइन व्यवस्था के चलते नहीं हो पा रहा लेन-देन पोस्टमास्टर एवं डाक सहायक प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से सर्वर डाउन रहने की समस्या बनी हुई है। इसके कारण सुकन्या समृद्धि योजना समेत अन्य बचत योजनाओं में रुपये जमा करने और निकालने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर बीएसएनएल और सीफी से संपर्क कर समस्या दूर कराने का प्रयास किया जाता है, लेकिन उच्च स्तर पर तकनीकी दिक्कतें बनी रहती हैं। शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाता है। सीफी के इंजीनियरों और बीएसएनएल कार्यालय से संपर्क कर समाधान कराने में समय लग जाता है। देवेंद्र सिंह के मुताबिक, सर्वर डाउन होने पर अब मैनुअल तरीके से रुपये जमा करने या निकालने की व्यवस्था नहीं है। सभी काम ऑनलाइन होते हैं और डेटा चेन्नई स्थित सीफी सर्वर से जुड़ा है। ऐसे में सर्वर लगातार बाधित रहने पर ग्रामीण उपभोक्ताओं को लेन-देन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User