सुल्तानपुर बार चुनाव में बने कई इतिहास:नई कार्यकारिणी का कार्यकाल सिर्फ 9 महीने, 58वें अध्यक्ष बने शारदा प्रसाद मिश्रा

Oct 16, 2026 - 07:05
0
सुल्तानपुर बार चुनाव में बने कई इतिहास:नई कार्यकारिणी का कार्यकाल सिर्फ 9 महीने, 58वें अध्यक्ष बने शारदा प्रसाद मिश्रा
सुल्तानपुर में बार एसोसिएशन के चुनाव में इस बार कई नए इतिहास बने। पहली बार चुनाव संगीनों के साए में हुआ और हाईकोर्ट के निर्देश पर न्यायिक अधिकारियों की निगरानी में चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई गई। गुरुवार को नतीजे आने के बाद एक और नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष शारदा प्रसाद मिश्रा समेत नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों का कार्यकाल महज 9 महीने का होगा। वहीं, 58वें अध्यक्ष चुने गए शारदा प्रसाद मिश्रा के नाम एक और रिकॉर्ड जुड़ने जा रहा है। वे पहले अध्यक्ष होंगे, जिन्हें 15 अगस्त को झंडारोहण का अवसर नहीं मिलेगा। बार एसोसिएशन में परंपरागत रूप से कार्यकाल 31 जुलाई तक रहता है। इससे पहले नई कार्यकारिणी के लिए चुनाव कराया जाता है। अगस्त की शुरुआत में शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण करते रहे हैं। हालांकि, इस बार चुनाव प्रक्रिया कई बाधाओं से गुजरी। तीन बार चुनाव टलने के बाद चौथी बार मतदान कराया गया, लेकिन मतगणना के दौरान भी विवाद खड़ा हो गया। इसके चलते चुनाव परिणाम आने में देरी हुई और कार्यकाल की अवधि घटकर 9 महीने रह जाने की स्थिति बनी। हाईकोर्ट की नाराजगी के बाद जिला जज की निगरानी में चुनाव चुनाव प्रक्रिया में विवाद की जानकारी मिलने पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई थी। इसके बाद जिला जज की निगरानी में चुनाव कराने का निर्देश दिया गया। हाईकोर्ट के निर्देश पर बुधवार को शहर के खुर्शीद क्लब में चुनाव संपन्न कराया गया। चुनाव के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस तरह बार के इतिहास में पहली बार न्यायिक अधिकारियों की निगरानी में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। महिलाओं को 30% आरक्षण, पहली बार कई पद हुए आरक्षित बार एसोसिएशन में महिलाओं के लिए 30 फीसदी आरक्षण लागू होना भी इस बार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है। अधिवक्ता शशि मिश्र ने महिलाओं को आरक्षण देने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद बार एसोसिएशन में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू किया गया। इसके तहत कोषाध्यक्ष समेत कई पद आरक्षित किए गए। इसे भी बार के इतिहास में एक अहम बदलाव माना जा रहा है। शारदा प्रसाद अध्यक्ष, सूर्यनाथ यादव सचिव निर्वाचित गुरुवार को घोषित नतीजों में शारदा प्रसाद मिश्रा 502 वोट पाकर अध्यक्ष निर्वाचित हुए। सूर्यनाथ यादव को 549 वोट मिले और वे सचिव चुने गए। करुणा शंकर पांडेय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शालिनी तिवारी उपाध्यक्ष, शोभावती सह सचिव प्रशासन, शिव बहादुर मौर्य सह सचिव खुर्शीद क्लब और अमित मिश्रा सह सचिव पुस्तकालय निर्वाचित हुए। वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारिणी के सदस्य वरिष्ठ कार्यकारिणी के लिए राज कुमार गौड़, अनीस अहमद और ध्रुवराज पांडेय निर्वाचित हुए। वहीं, कनिष्ठ कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में नीतू यादव, नीरज शुक्ल, राम भवन मौर्य और रोमेश पांडेय चुने गए। नई कार्यकारिणी के सामने अब सीमित कार्यकाल में बार से जुड़े कामकाज और अधिवक्ताओं की अपेक्षाओं को पूरा करने की चुनौती रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User