सुल्तानपुर में बेटी ने मां को फंदे पर लटकता देखा:चाचा को दी जानकारी, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सुल्तानपुर के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के खींचा का पुरवा (गंगेव) गांव में गुरुवार देर रात महिला का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। 8 साल की बेटी ने मां को फंदे पर लटका देखा तो घबरा गई। उसने नीचे जाकर चाचा को घटना की जानकारी दी। बच्चों के शोर और सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर शुक्रवार सुबह पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव निवासी रेखा यादव (29) पत्नी संदीप यादव गुरुवार देर शाम खाना खाने के बाद अपने तीन बच्चों के साथ दूसरे तल पर बने कमरे में सोने चली गई थीं। रात करीब 12:30 बजे उनका छह माह का बेटा अभिनंदन रोने लगा। पास में सो रही 8 वर्षीय बेटी काव्या की नींद खुली तो उसने मां को छत में लगे हुक से कपड़े के सहारे लटका देखा। यह देखकर वह घबरा गई और दूसरे तल से नीचे उतरकर चाचा सोनू को घटना की जानकारी दी। चाचा ने डायल 112 पर दी सूचना सोनू और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सोनू ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। रात करीब 1 बजे पुलिस गांव पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति और ससुराल के अन्य लोग दिल्ली में रहते हैं परिजनों के मुताबिक, रेखा की शादी वर्ष 2017-18 में संदीप यादव के साथ हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी काव्या करीब 8 साल, दूसरी बेटी मान्या करीब 4 साल और सबसे छोटा बेटा अभिनंदन 6 माह का है। बताया गया कि रेखा परिवार से अलग रह रही थीं। उनके पति संदीप यादव, ससुर भरत लाल यादव, सास और संदीप के बड़े भाई प्रदीप यादव दिल्ली में रहते हैं। गांव में रेखा के देवर सोनू के रहने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार राय ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)