सुल्तानपुर में ई-रिक्शा से टकराई बाइक, युवक की मौत:20 मीटर तक घसीटा, एक महीने पहले पानीपत से लौटा था
सुल्तानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 7 बजे एक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। उसकी बाइक एक बैटरी रिक्शा से टकरा गई थी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा चालक युवक को बाइक समेत करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद युवक को 108 एंबुलेंस से दोस्तपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान लोकनाथपुर, दोस्तपुर निवासी अजय कुमार (22) पुत्र नरेश कुमार के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार, अजय दोस्तपुर से अपने घर जा रहा था। तभी उसकी बाइक पीछे से एक बैटरी रिक्शा में जा घुसी। टक्कर के बाद वह सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर दोस्तपुर थाने के कस्बा इंचार्ज अनूप कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ सरकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। परिजन अस्पताल पहुंच रहे हैं। अजय कुमार अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है। उसके पिता पंजाब में नौकरी करते हैं। युवक की मौत की खबर से परिवार में दुख का माहौल है। अजय एक महीने पहले ही पानीपत से कमाकर घर लौटा था। पुलिस हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)