सुलतानपुर में प्रधान ने बिना नोटिस जेसीबी से झुग्गियां गिरवाईं:10 से ज्यादा परिवारों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर DM से न्याय मांगा

Sep 30, 2026 - 15:34
0
सुलतानपुर में प्रधान ने बिना नोटिस जेसीबी से झुग्गियां गिरवाईं:10 से ज्यादा परिवारों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर DM से न्याय मांगा
सुल्तानपुर में बंधुआकला थाना अंतर्गत मुडुई नेवादा गांव में गरीब अनुसूचित जाति के परिवारों की झुग्गियों को प्रधान द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना अथवा नोटिस के जेसीबी मशीन चलवाकर ढाए जाने का मामला सामने आया है। बेघर हुए पीड़ितों ने बुधवार 1 बजे डीएम को शिकायती पत्र देकर न्याय की मांग की है और भूमि पर पूर्ववत कब्जा बनाए रखते हुए आवास आवंटन की गुहार लगाई है। मुडुई नेवादा निवासी अनुसूचित जाति के भूमिहीन परिवारों ने बताया कि वे मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ग्राम सभा की भूमि गाटा संख्या 10 (जो हाईवे से सटे पंचायत भवन के पास स्थित है) पर वे पिछले कई वर्षों से अपनी झुग्गी-झोपड़ी बनाकर गुजर-बसर कर रहे थे। ​ आवास पट्टा आवंटन का आश्वासन पीड़ितों का आरोप है कि प्रधान ने पूर्व में पैसे लेकर आवास पट्टा आवंटन का आश्वासन दिया था। लेकिन करीब 4 वर्ष पूर्व प्रधान द्वारा और अधिक धनराशि की मांग की जाने लगी। मजदूरी करने वाले पीड़ित जब अतिरिक्त धनराशि देने में असमर्थ रहे, तो उनके नाम पट्टा नहीं किया गया। इसके बजाय लगभग 17-18 लोगों से पैसे लेकर कुछ लोगों के नाम वैध तो कुछ के नाम अवैध तरीके से पट्टा आवंटित कर दिया गया। आरोप है कि जिन लोगों के नाम पट्टा हुआ है, वे प्रधान से मिलकर पीड़ितों की झुग्गी-झोपड़ी हटवाने का प्रयास कर रहे थे। पीड़ितों की झुग्गियों को ध्वस्त करवा दिया इसके बाद 28 सितंबर को बिना किसी पूर्व सूचना अथवा नोटिस के प्रधान ने जेसीबी मशीन बुलवाकर पीड़ितों की झुग्गियों को ध्वस्त करवा दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पीड़ित परिवारों के समक्ष रहने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों का कहना है कि वे पिछले 10 से अधिक वर्षों से उक्त भूमि पर झुग्गी व छप्पर डालकर काबिज हैं। उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय से काबिज गरीब परिवारों को इस तरह बेदखल करना सर्वथा अन्यायपूर्ण है। ​पीड़ितों ने डीएम से मांग की है कि​उनकी भूमि से बेदखली तुरंत रोकी जाए। ​गाटा संख्या 10 पर उनका कब्जा पूर्ववत कायम रखा जाए। आवासीय पट्टा स्वीकृत किया ​नियमानुसार उक्त भूमि पर उनके नाम आवासीय पट्टा स्वीकृत किया जाए। यहां पर राम आसरे, माला देवी, ऊषा देवी, प्रभावती, राजपती, कुन्ना देवी, सीमा देवी, सुमन, कमलेश कुमारी, सोनू, अजय कुमार, अनिल कुमार, गीता कुमारी, राम नरेश, इन्द्रभवन आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User