सुल्तानपुर में श्रीराम पार्क का किया लोकार्पण:भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया उद्घाटन, 9.30 लाख हुए खर्च
सुल्तानपुर के सिविल लाइन वार्ड में नवरात्रि के पहले दिन 'श्रीराम पार्क' का लोकार्पण किया गया। वेदान्ती आश्रम के पास रविवार 3 बजे पार्क का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में हुआ। इस मौके पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष करूणा शंकर द्विवेदी, गिरीश नरायन सिंह, जगजीत सिंह छंगू, एमपी सिंह, डा आरए वर्मा, डा सीताशरण त्रिपाठी और पूर्व मंत्री व विधायक ओम प्रकाश पाण्डेय उपस्थित थे। कार्यक्रम का संयोजन वार्ड सभासद रमेश सिंह टिन्नू ने किया, जबकि भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रीती प्रकाश ने मंच संचालन किया। करूणा शंकर द्विवेदी के अनुसार, मोहल्लेवासियों के प्रस्ताव पर खाली जमीन पर यह पार्क बना। इस पर कब्जे की कोशिश को पालिकाध्यक्ष और सभासद के प्रयासों से रोका गया। पालिका ने 9.30 लाख रुपये खर्च कर इसे बनाया है। इसमें दो गेट, सबमरसिबल पंप, बेंचें और एलईडी लाइटें हैं। यह पार्क अब मोहल्लेवासियों व आम लोगों के घूमने, टहलने, योगाभ्यास के लिए है। पालिकाध्यक्ष ने भाजपा के नेताओं, केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार की प्रशंसा करते हुए नगर क्षेत्र में केन्द्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं से कराये जा रहे कार्यों के विषय में भी विस्तार से बताया, जिसमें वंदन योजना के तहत सीताकुण्ड घाट की तर्ज पर निर्माण कराये जा रहे हनुमान घाट का शीघ्र लोकार्पण किये जाने एवं मुख्यमंत्री की महती वंदन योजना के तहत गोमती नदी के तट पर एक नये रामघाट के निर्माण हेतु शासन को प्रस्ताव प्रेषित किया गया है, स्वीकृति उपरान्त शीघ्र एक और नये घाट की सौगात नगर वासियों को प्राप्त होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने अपने सम्बोधन में पालिका द्वारा नगर में पार्क, तालाबों का सौन्दर्यीकरण, सड़कों का निर्माण व महापुरूषों के नाम पर मार्गों का नामकरण किये जाने आदि केन्द्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत कराये जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह विकास कार्य सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के सुशासनराज में ही सम्भव है। इस अवसर पर सभासद रमेश सिंह टिन्नू, दिनेश चौरसिया, मो जाहिद, अरूण तिवारी,प्रवीण मिश्र, अरविन्द यादव, रेनू सिंह सहित भाजपा के जिले व नगर के पदाधिकारी, पूर्वअध्यक्षगण, अधिवक्ता, शिक्षक सैंकड़ों की संख्या में उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)