तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने पर मुअज्जिन गिरफ्तार:सिपाही हुआ था निलंबित; सितंबर में जिलेभर में 2,509 लाउडस्पीकर उतरवाए गए

Oct 11, 2026 - 16:03
0
तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने पर मुअज्जिन गिरफ्तार:सिपाही हुआ था निलंबित; सितंबर में जिलेभर में 2,509 लाउडस्पीकर उतरवाए गए
बिजनौर में नजीबाबाद में निर्धारित मानकों से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर बजाने के आरोप में पुलिस ने मस्जिद के मुअज्जिन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से लाउडस्पीकर, एम्पलीफायर और माइक जब्त किए। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने रविवार दोपहर 2:30 बजे यह जानकारी दी। जीआईसी के पास सुनाई दी तेज आवाज पुलिस के मुताबिक, शनिवार को उपनिरीक्षक सौरभ सिंह कांस्टेबल रोहित के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच कर रहे थे। दोपहर करीब 12:45 बजे टीम जीआईसी इंटर कॉलेज के पास पहुंची। यहां नजीबुद्दौला मस्जिद से लाउडस्पीकर की तेज आवाज सुनाई दी। आरोप है कि लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित मानकों से अधिक थी, जिससे ध्वनि प्रदूषण हो रहा था और आसपास से गुजरने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मोहल्ला मकबरा निवासी 23 वर्षीय मोहम्मद फैजान मस्जिद में अजान पढ़ रहा था। पुलिस ने ध्वनि विस्तारक उपकरण जब्त कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और गिरफ्तार कर लिया। गलत रिपोर्ट देने पर सिपाही निलंबित धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के मानकों के पालन के संबंध में गलत रिपोर्ट देने के आरोप में एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने नजीबाबाद थाने में तैनात सिपाही ललित कुमार को निलंबित कर दिया है। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि धार्मिक स्थलों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाए जाएं। बीपीओ से मिली रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की समीक्षा की जा रही है। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने के बाद सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की गई। सितंबर में 2509 लाउडस्पीकर उतरवाए गए बिजनौर पुलिस ने सितंबर में जिलेभर के धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकरों को लेकर अभियान चलाया था। इस दौरान 1323 मस्जिदों, 1116 मंदिरों और 70 गुरुद्वारों से कुल 2509 लाउडस्पीकर उतरवाए गए थे। शेष लाउडस्पीकरों की आवाज भी निर्धारित नियमों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए थे। नियमों का पालन कराने के लिए जारी है अभियान एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि न्यायालय और शासन की ओर से समय-समय पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों को लेकर निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत बिजनौर पुलिस अभियान चलाकर नियमों का पालन सुनिश्चित करा रही है। शनिवार को नजीबाबाद की नजीबुद्दौला मस्जिद में ध्वनि प्रदूषण की सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User