तेंदुए हमले में महिला की मौत, पिंजड़ा लगाने की तैयारी:बहराइच में परिजन पोस्टमार्टम को राजी; वन विभाग ने दी आर्थिक मदद
बहराइच के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के सुजौली रेंज में तेंदुए के हमले में ममता चौहान की मौत के बाद शुक्रवार को वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने की कवायद तेज कर दी। परिजनों के विरोध के चलते रात में शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। सुबह ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद परिजन राजी हुए, जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को तत्काल 10 हजार रुपए की मदद दी और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाने का भरोसा दिया। जानिए पूरा मामला सुजौली रेंज के गरेडियनपुरवा गांव में गुरुवार देर शाम खेत में सब्जी तोड़ने गई 32 वर्षीय ममता चौहान पर तेंदुए ने हमला कर दिया था। हमले में ममता की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने और गांव में सुरक्षा के इंतजाम बढ़ाने की मांग की थी। ममता की मौत के बाद परिजनों ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इनकार कर दिया था। देर रात तक पुलिस और ग्रामीण परिजनों को समझाते रहे, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। समझाइश के बाद पोस्टमार्टम को राजी हुए परिजन शुक्रवार सुबह ग्राम प्रधान राजेश गुप्ता, श्रीरामखेलावन पाल, उग्रसेन सिंह और थाना प्रभारी राम गोविंद वर्मा ने परिजनों से बातचीत की। काफी समझाने के बाद परिवार शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने को राजी हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वन विभाग ने दी 10 हजार की मदद सुजौली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नीरज श्रीवास्तव थाना परिसर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए शुक्रवार शाम तक पिंजड़ा लगाया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा के दूसरे जरूरी इंतजाम करने का भरोसा दिया। सपा नेत्री ने परिवार से की मुलाकात घटना की जानकारी मिलने पर सपा नेत्री ललिता हरेंद्र पासवान भी मौके पर पहुंचीं। सेक्टर प्रभारी अवध राम यादव ने उन्हें घटना की जानकारी दी थी। सपा नेत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी ओर से आर्थिक मदद दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दी जाएगी और परिवार को आर्थिक मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने वन क्षेत्राधिकारी नीरज श्रीवास्तव से भी मुलाकात कर तेंदुए के हमलों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। ग्रामीणों में अब भी दहशत ममता की मौत के बाद गांव और आसपास के इलाकों में तेंदुए को लेकर डर बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी के कारण खेतों में जाने और घरों से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजड़ा लगाने के साथ नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)