थाने में रात भर क्यों रहे सपा एमएलसी प्रत्याशी?:डिप्टी CM केशव ने अखिलेश यादव से पूछा, क्या शिक्षा माफिया को प्रत्याशी बनाते हैं?

Oct 13, 2026 - 14:39
0
थाने में रात भर क्यों रहे सपा एमएलसी प्रत्याशी?:डिप्टी CM केशव ने अखिलेश यादव से पूछा, क्या शिक्षा माफिया को प्रत्याशी बनाते हैं?
प्रयागराज में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी मान सिंह यादव को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने मान सिंह यादव से जुड़े एक मुकदमे, जिला पंचायत चुनाव के दौरान 40 लाख रुपये मिलने और शिकोहाबाद की जेबीएस यूनिवर्सिटी की फ्रेंचाइजी को लेकर सवाल उठाए। केशव ने कहा कि इन सवालों का जवाब अखिलेश यादव और उनके प्रत्याशी को देना चाहिए। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या सपा शिक्षा माफियाओं को चुनाव में प्रत्याशी बनाती है। डिप्टी सीएम ने कहा कि उन्होंने मान सिंह यादव को लेकर सवाल उठाए हैं। प्रयागराज के मेजा थाने में उनके खिलाफ दर्ज मुकदमा क्या है, यह बताया जाना चाहिए। जिला पंचायत चुनाव के दौरान 40 लाख रुपये के साथ उन्हें रातभर थाने में रखे जाने का मामला क्या था, इस पर भी उन्हें खुद सफाई देनी चाहिए। केशव ने कहा, यह वह खुद बताएं। हमारी ओर से बताने की जरूरत नहीं है। जेबीएस यूनिवर्सिटी की फ्रेंचाइजी को लेकर भी सवाल केशव प्रसाद मौर्य ने शिकोहाबाद स्थित जेबीएस यूनिवर्सिटी का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या इस यूनिवर्सिटी की फ्रेंचाइजी मान सिंह यादव के पास थी? क्या फ्रेंचाइजी के जरिए डिग्रियां बांटने या बेचने का काम किया गया? उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या इन डिग्रियों का इस्तेमाल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में लोगों को मतदाता बनाने के लिए किया गया? डिप्टी सीएम ने कहा कि इन सभी सवालों पर सफाई मान सिंह यादव और अखिलेश यादव को देनी चाहिए। उन्होंने सपा प्रमुख से पूछा कि क्या वह इस तरह के लोगों को चुनाव में प्रत्याशी बनाते हैं। केशव ने कहा कि इन मामलों से सपा और माफियाओं के बीच रिश्तों को लेकर सवाल खड़े होते हैं। प्रयागराज शहर उत्तरी से चुनाव लड़ने पर बोले प्रयागराज शहर उत्तरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा में पहले से यह तय नहीं होता कि कौन किस सीट से चुनाव लड़ेगा। पार्टी का नेतृत्व, संगठन और केंद्रीय चुनाव समिति मिलकर इस पर निर्णय लेते हैं। उन्होंने कहा कि किसे कहां से चुनाव लड़ना है, इसकी जानकारी चुनाव के अंतिम दौर में केंद्रीय चुनाव समिति की सूची जारी होने के बाद ही मिलेगी। अभी अलग-अलग सीटों को लेकर जो चर्चाएं चल रही हैं, उन्हें रोका नहीं जा सकता। उन्हाेंने कहा, किसी सीट पर अपने मन से फैसला लेने की हमारी कोई योजना नहीं है। हमने पहले भी ऐसा नहीं किया, अभी भी नहीं कर रहे हैं और भविष्य में भी नहीं करेंगे। हमारी पार्टी जो फैसला लेती है, वह संगठन और नेतृत्व के स्तर पर लिया जाता है।" उनके इस बयान को प्रयागराज शहर उत्तरी सीट से उनकी संभावित उम्मीदवारी को लेकर चल रही चर्चाओं के संदर्भ में देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने इस सीट से चुनाव लड़ने या न लड़ने को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की। राहुल गांधी और विपक्ष पर भी साधा निशाना डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी समेत समूचे विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना सभी का अधिकार है, लेकिन विरोध की आड़ में संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी मुद्दे पर असहमति जताने और विरोध करने का मतलब यह नहीं है कि संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई जाए। राहुल गांधी, अखिलेश यादव या इंडी गठबंधन के किसी भी नेता के कहने से गलत बात सही नहीं हो जाएगी। केशव मौर्य ने कहा कि विपक्ष को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन उसे संवैधानिक मर्यादाओं का भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने एक बार फिर विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि विरोध के नाम पर संस्थाओं को निशाना बनाना सही नहीं है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User