ठेकेदार से 7% कमीशन की बात का ऑडियो:टेंडर, बजट और सांसद से मुलाकात की चर्चा का दावा; सांसद बोले- फेक है, जांच कराऊंगा

Oct 13, 2026 - 17:58
0
ठेकेदार से 7% कमीशन की बात का ऑडियो:टेंडर, बजट और सांसद से मुलाकात की चर्चा का दावा; सांसद बोले- फेक है, जांच कराऊंगा
देवरिया में पथरदेवा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) हिमांशु प्रताप सिंह से मारपीट और अपहरण के प्रयास के मामले में जेल में बंद धीरज सिंह का एक कथित ऑडियो सामने आया है। इसमें एक ठेकेदार से सात प्रतिशत कमीशन को लेकर बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में कथित तौर पर ठेकेदार से कहा जा रहा है कि सिस्टम में रहकर काम करना है तो सात प्रतिशत कमीशन देना पड़ेगा। बातचीत में सांसद से मुलाकात कराने और टेंडर व बजट आवंटन को लेकर चर्चा भी सुनाई देने का दावा है। हालांकि, ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने इसे फेक बताते हुए जांच कराने की बात कही है। टेंडर और बजट आवंटन पर बातचीत का दावा सामने आए ऑडियो में धीरज सिंह की आवाज होने का दावा किया जा रहा है। बातचीत में ठेकेदार से कमीशन की दर तय होने और उसी के अनुसार काम करने की बात कही जाती है। ठेकेदार कथित तौर पर कमीशन कम करने की गुंजाइश तलाशता सुनाई देता है। इस पर सांसद से मुलाकात कराकर बातचीत कराने का सुझाव दिए जाने का दावा है। ऑडियो में जीएसटी काटने के बाद भुगतान और मुलाकात का समय तय करने की चर्चा भी बताई जा रही है। कई नगर पंचायतों में बजट दिलाने की बात कथित ऑडियो में कुशीनगर जिले की तमकुहीराज, फाजिलनगर, सेवरही और दुदही समेत कई नगर पंचायतों के नाम लिए जाने का दावा है। बातचीत में लेटर पैड के माध्यम से बजट आवंटित कराने और काम दिलाने की बात भी सामने आई है। एक लेटर पैड पर दो करोड़ रुपए तक का बजट आवंटित कराने का दावा किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सांसद बोले- ऑडियो फेक है, जांच कराई जाएगी मामले में देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी के कार्यालय से फोन पर संपर्क किया गया। कार्यालय ने बताया कि सांसद संसद की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में व्यस्त हैं। कार्यालय के मुताबिक, सांसद ने कहा है कि कमीशन मांगने से जुड़े ऑडियो की जानकारी मिली है। यह ऑडियो फेक है। उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं की है। ऑडियो की जांच कराई जाएगी और देवरिया पहुंचने पर वह अपना पक्ष रखेंगे। ईओ से विवाद के बाद चर्चा में आया था धीरज सिंह का नाम धीरज सिंह का नाम 8 अक्टूबर की रात पथरदेवा नगर पंचायत कार्यालय में हुए विवाद के बाद चर्चा में आया था। आरोप है कि वह करीब डेढ़ दर्जन समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचे थे। वहां ईओ हिमांशु प्रताप सिंह को बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई और अपहरण का प्रयास किया गया। मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश सिंह की तहरीर पर धीरज सिंह समेत पांच नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में धीरज सिंह जेल में बंद है। विधायक शलभ मणि ने की सख्त कार्रवाई की मांग पथरदेवा नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश सिंह उर्फ क्रांति सिंह और ईओ हिमांशु प्रताप सिंह के साथ हुई घटना को लेकर देवरिया सदर के विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट कर घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि घटना को लेकर जिले की नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्षों में आक्रोश है। कई अध्यक्षों ने उनसे संपर्क कर मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार भ्रष्टाचार और अराजकता फैलाने वालों को बख्शेगी नहीं। दोषियों के साथ उनके कथित सफेदपोश सहयोगियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User