तीन तलाक-हलाला के नाम पर महिला से दुष्कर्म, FIR:अलीगढ़ में महिला ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर लगाया आरोप, करणी सेना के हस्तक्षेप पर कार्रवाई
बन्नादेवी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर तीन तलाक, हलाला के नाम पर जबरन निकाह, बंधक बनाकर दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। FIR के मुताबिक महिला का निकाह नवंबर 2024 में हुआ था। महिला का आरोप है कि शादी में मायके वालों ने करीब 15 लाख रुपए से अधिक खर्च कर सामान दिया, लेकिन इसके बावजूद ससुराल में दहेज को लेकर उसका उत्पीड़न और मारपीट की जाती रही। इस मामले में वह पहले भी बन्नादेवी थाने में मुकदमा दर्ज करा चुकी है, जो न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है। माफी मांगकर वापस ले गए, फिर हलाला की बात कही महिला का आरोप है कि 23 मई 2026 को पति और उसके परिजन उसे दोबारा घर ले गए। इसके बाद उसे एक छोटे मकान में रखा गया। महिला के मुताबिक पति ने उससे कहा कि वह उसे तीन तलाक दे चुका है और दोबारा निकाह के लिए हलाला करना होगा। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि इसके बाद पति के दो भाइयों ने उसके साथ कई दिनों तक दुष्कर्म किया। आरोप है कि बाद में एक मौलवी को बुलाकर जबरन दूसरे व्यक्ति से निकाह पढ़ाया गया और उसके बाद उसे कई दिनों तक कमरे में बंद रखा गया। महिला का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ लगातार दुष्कर्म और मारपीट की गई। महिला ने पति पर भी उसके साथ जबरदस्ती करने और तेजाब से चेहरा बिगाड़ने की धमकी देने का आरोप लगाया है। रात में बहन और भाई को भेजा मैसेज, पुलिस ने छुड़ाया FIR में दर्ज शिकायत के अनुसार 9 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे महिला के कमरे में एक आरोपी पहुंचा। महिला का आरोप है कि विरोध के बावजूद करीब दो घंटे तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोपी के जाने और पति के सो जाने के बाद महिला ने रात करीब 2:15 बजे अपनी बहन और विदेश में रह रहे भाई को मैसेज कर मदद मांगी। भाई की सूचना पर महिला की मां और बहन पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं। शिकायत के मुताबिक पुलिस ने महिला को वहां से मुक्त कराया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। करणी सेना ने पुलिस अधिकारियों से की थी शिकायत करणी सेना के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठा. ज्ञानेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक नगर से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। संगठन की ओर से दावा किया गया है कि पीड़िता ने उनसे संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी थी। करणी सेना ने मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस का आभार जताते हुए मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की है। संगठन ने यह भी कहा है कि जांच में जो व्यक्ति दोषी मिले, उसी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई हो और पीड़िता को धमकी या दबाव से सुरक्षा दी जाए। पहले से दर्ज मुकदमे के बीच फिर गंभीर आरोप महिला की शिकायत में यह भी कहा गया है कि ससुराल पक्ष के खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज है। अब उसी वैवाहिक विवाद के बीच दुष्कर्म, बंधक बनाने और धमकी जैसे गंभीर आरोपों की नई FIR दर्ज हुई है। पुलिस ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कल्याणी को सौंपी है। पुलिस जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)