ऑटो में महिलाओं ने पैर पर पैर रखकर खोला बैग:जेवर से भरा पर्स चोरी, सीसीटीवी की मदद से तलाश कर रही पुलिस
लखनऊ के चौक चौराहे से ठाकुरगंज आ रही महिला के बैग से दो अज्ञात महिलाओं ने जेवर से भरा पर्स चोरी कर लिया। महिलाओं के साथ करीब 10 साल की बच्ची भी थी। पीड़िता को घटना की जानकारी मायके पहुंचने के बाद बैग खोलने पर हुई। इसके बाद उसने परिवार के साथ महिलाओं की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। बाराबंकी के सतरिख भिठौली कलां निवासी कुमुदलता पत्नी रोहित वर्मा ने बताया 24 सितंबर को ससुराल से मायके जा रही थीं। वह चौक चौराहे से महिंद्रा ऑटो में बैठकर ठाकुरगंज जा रही थीं। रास्ते में दो महिलाएं सलवार-सूट पहने एक करीब 10 साल की बच्ची के साथ ऑटो में सवार हुईं। पीड़िता के मुताबिक, दोनों महिलाएं उसके सामने वाली सीट पर बैठ गईं। एक महिला ने उसके पैर के ऊपर अपना पैर रख दिया। विरोध करने पर बच्ची उसकी तरफ झुक गई। इसी दौरान दोनों महिलाओं ने उसके बैग की चेन खोलकर अंदर रखा छोटा पर्स निकाल लिया। पर्स में एक जोड़ी झुमकी और दो मालाएं थीं। पीड़िता के मुताबिक, एक माला में छोटा और दूसरी में बड़ा ठप्पा लगा था। कुमुदलता चंद्रावती हॉस्पिटल, हरदोई रोड के पास ऑटो से उतर गईं। मायके पहुंचकर बैग खोला तो उसकी चेन खुली मिली और जेवर वाला पर्स गायब था। काफी तलाश के बावजूद महिलाओं का पता नहीं चल सका। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह का कहना है मुकदमा दर्ज करके जांच चल रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)