ऑटो में पर्स से 8000 रुपये उड़ाए, भीड़ ने दबोचा:अलीगढ़ में रामघाट रोड पर दिनदहाड़े घटना, शोर मचाते भागा युवक-पुलिस को सौंपा, एफआईआर
क्वारसी क्षेत्र में ऑटो रिक्शा में सफर कर रहे एक व्यक्ति के पर्स से 8 हजार रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बराबर में बैठे युवक ने पर्स से 500-500 रुपये के 16 नोट निकाल लिए। बैग में हलचल महसूस होने पर पीड़ित ने चेक किया और शोर मचा दिया। इस पर आरोपी भागने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से चोरी किए गए रुपये बरामद होने का दावा किया गया है।
देवत्रय अस्पताल के पास हुई घटना
पीड़ित भरत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:20 बजे वह अपने भाई तेजवीर सिंह के साथ ऑटो रिक्शा में बैठकर जा रहे थे। ऑटो फुलवारी गेस्ट हाउस से आगे मामू भौंजा बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान देवत्रय अस्पताल के पास उनके बराबर में बैठे युवक ने कथित तौर पर उनके पर्स से 8 हजार रुपये निकाल लिए।
भागने लगा तो लोगों ने पकड़ लिया
भरत सिंह के मुताबिक, बैग में हलचल महसूस होने पर उन्होंने रुपये चेक किए तो चोरी का पता चला। शोर मचाने पर युवक भागने लगा, लेकिन आम लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 500-500 रुपये के 16 नोट मिले, जिन्हें पीड़ित ने अपने रुपये बताया।
आरोपी को लेकर थाने पहुंचे पीड़ित
तहरीर के अनुसार, पकड़े गए युवक ने अपना नाम उमरदराज पुत्र खलील, निवासी नादर महल मोहल्ला, हाथी वाला पुल, कुरैशियिन मस्जिद के पास, देहली गेट, अलीगढ़ बताया। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है। इसके बाद भरत सिंह आरोपी को लेकर क्वारसी थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। मामले में देर रात पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी कर ली है। अब आज उसे जेल भेजा जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)