ट्रॉला चालक पर मुकदमा, बवालियों पर भी शिकंजा:अलीगढ़ में युवक की मौत के बाद ट्रॉला फूंकने और पुलिस से भिड़ने वाले 8-9 नामजद समेत अज्ञात पर एफआईआर
इगलास में ट्रॉला हादसे के बाद भड़के बवाल पर पुलिस ने गुरुवार को दो तरफा कार्रवाई की। एक ओर मृतक शिवकुमार के चाचा जसवंत की तहरीर पर ट्रॉला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, तो दूसरी ओर ट्रॉला में आगजनी, बवाल और पुलिस से झड़प के मामले में 8-9 ज्ञात आरोपियों समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने अपनी ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया। अब पुलिस की नजर उन चेहरों पर है, जिन्होंने हादसे के बाद कानून हाथ में लेकर ट्रॉला में आग लगाई और पुलिस से भिड़ंत की। पुलिस वीडियो फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
हादसे के बाद सवा किमी तक घिसटता गया था ट्रॉला
मामला बुधवार का है। हाथरस-इगलास रोड पर कारस पुलिया के पास ट्रॉला और बाइक की टक्कर में बाइक सवार शिवकुमार की मौत हो गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवकुमार बाइक समेत ट्रॉला में फंस गया। इसके बाद ट्रॉला उसे करीब सवा किलोमीटर तक घसीटता चला गया था। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव की हालत देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया।
कुछ ही देर में भीड़ का गुस्सा बेकाबू हो गया और ट्रॉला में आग लगा दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो भीड़ से झड़प और धक्कामुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रॉला चालक को हिरासत में ले लिया था और स्थिति को नियंत्रित किया था।
चाचा की तहरीर पर चालक के खिलाफ केस
घटना के अगले दिन गुरुवार को पुलिस ने हादसे को लेकर भी कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई। मृतक शिवकुमार के चाचा जसवंत की तहरीर पर ट्रॉला चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। चालक को पुलिस ने बुधवार को ही हिरासत में ले लिया था। सीओ इगलास कमलेश कुमार ने बताया कि चालक को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। कोर्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
बवाल में दो हिरासत में लिए, पुष्टि नहीं हुई तो छोड़े
हादसे के बाद हुए बवाल की जांच में पुलिस ने दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया था। हालांकि, पुलिस ने मौके के वीडियो फुटेज खंगाले और ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच में दोनों की बवाल में शामिल होने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद दोनों को छोड़ दिया गया।
पुलिस अब इस मामले में जल्दबाजी के बजाय फुटेज और मौके पर मौजूद लोगों की जानकारी के आधार पर वास्तविक आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है।
फुटेज खंगाल रही पुलिस, जल्द होगी गिरफ्तारी
सीओ इगलास कमलेश कुमार ने बताया कि ट्रॉला में आगजनी, बवाल और पुलिस से झड़प के मामले में 8-9 ज्ञात आरोपियों समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ धारा 307 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनकी गिरफ्तारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यानी हादसे में चालक पर मुकदमा और उसके बाद हुए बवाल में उपद्रव करने वालों पर भी पुलिस ने केस दर्ज कर दिया है। अब जांच का अगला फोकस आगजनी और पुलिस से भिड़ने वाले चेहरों की पहचान पर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)