ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा:इंजीनियर की मौके पर मौत, दूसरा युवक गंभीर घायल; सुरीर में चालक फरार
मथुरा के सुरीर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को खैर-टैंटीगांव मार्ग पर गांव सुदामागढ़ी के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में पश्चिम बंगाल निवासी इंजीनियर रघुनाथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। झारखंड के मरकच्चो थाना क्षेत्र के डेब्वा गांव निवासी शंकर राणा भदनवारा गांव में जल निगम की पानी की टंकी के निर्माण कार्य का ठेकेदार है। वह राया में रहकर निर्माण कार्य की देखरेख करता है। बुधवार को शंकर राणा बस से टैंटीगांव पहुंचा था। यहां से उसने भदनवारा में टंकी निर्माण कार्य में लगे पश्चिम बंगाल निवासी इंजीनियर रघुनाथ को बाइक लेकर बुलाया। इसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर भदनवारा गांव जा रहे थे। बताया गया कि खैर-टैंटीगांव मार्ग पर गांव सुदामागढ़ी के समीप पहुंचते ही सामने से भदनवारा की ओर आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली में फंस गई और चालक उसे करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में इंजीनियर रघुनाथ ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सुरीर के थानाध्यक्ष अरुण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने रघुनाथ के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)