ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मारी, चालक की मौत:चंदौली में कंदवा थाना के पास धमिना गांव में हुआ हादसा, ट्रेलर चालक फरार
सैयदराजा-जमानियां मार्ग पर कंदवा थाना क्षेत्र के धमिना गांव के पास बीती रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गिट्टी से लदे ट्रेलर ने आगे चल रही पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क किनारे गड्ढे में पलट गए। हादसे में पिकअप चालक अजय चौहान (27) ट्रेलर के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वाराणसी मंडी से मिर्च लेकर जा रहे थे जमानियां अजय चौहान पिकअप में मिर्च लादकर वाराणसी मंडी से जमानियां की ओर जा रहे थे। धमिना गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा पलटे। हादसे के बाद गिट्टी लदा ट्रेलर पिकअप के ऊपर ही जा गिरा। इससे चालक अजय चौहान वाहन में दब गए। काफी कोशिश के बावजूद उन्हें तत्काल बाहर नहीं निकाला जा सका और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। क्रेन से निकाला गया पिकअप, पोस्टमार्टम को भेजा शव हादसे की सूचना मिलते ही कंदवा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाया और पिकअप को बाहर निकलवाया। इसके बाद अजय चौहान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। अजय चौहान पपौरा बलुआ गांव के रहने वाले थे। परिवार में पत्नी अंजलि के अलावा तीन साल की बेटी आराध्या और एक साल का बेटा आयुष है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कंदवा थाना प्रभारी बिनोद कुमार अंचल ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर और पिकअप को कब्जे में ले लिया है। ट्रेलर चालक हादसे के बाद फरार हो गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)