ट्रेन छूटने के डर से चलती एक्सप्रेस से कूदा वृद्ध:इटावा जंक्शन पर प्लेटफार्म पर गिरकर गंभीर घायल, आरपीएफ ने अस्पताल पहुंचाया

Oct 19, 2026 - 15:35
0
ट्रेन छूटने के डर से चलती एक्सप्रेस से कूदा वृद्ध:इटावा जंक्शन पर प्लेटफार्म पर गिरकर गंभीर घायल, आरपीएफ ने अस्पताल पहुंचाया
इटावा जंक्शन पर सोमवार दोपहर साबरमती एक्सप्रेस के रवाना होने के दौरान स्टेशन पर उतरने से चूक गया, एक यात्री चलती ट्रेन से प्लेटफार्म पर कूद गया। गिरने के बाद वह काफी दूर तक घिसटता चला गया, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कर्मियों ने तत्काल मदद करते हुए उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। घायल यात्री की पहचान लवेदी थाना क्षेत्र के जेतपुरा गांव निवासी 45 वर्षीय जय प्रकाश अवस्थी के रूप में हुई है। वह गुजरात के अहमदाबाद स्थित साबरमती क्षेत्र की एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करते हैं। जय प्रकाश रविवार को घर आने के लिए साप्ताहिक साबरमती एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सवार हुए थे। उन्हें इटावा जंक्शन पर उतरना था, लेकिन स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान वह उतर नहीं पाए। सोमवार दोपहर करीब एक बजे साबरमती एक्सप्रेस इटावा जंक्शन पहुंची। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन कानपुर की ओर रवाना हो गई। जय प्रकाश स्टेशन को पहचान नहीं पाए और जब तक उन्हें इटावा पहुंचने का पता चला, तब तक ट्रेन रफ्तार पकड़ चुकी थी। हड़बड़ाहट में उन्होंने चलती ट्रेन से प्लेटफार्म नंबर तीन पर छलांग लगा दी। इस दौरान वह गिरकर काफी दूर तक घिसट गए और बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल यात्री को संभाला। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ उपनिरीक्षक हीरा चंद्र मीणा, कांस्टेबल देशराज और हेड कांस्टेबल संजय कुमार सिंह ने उसे तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया। समय रहते सहायता मिलने के बाद चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। जय प्रकाश अवस्थी ने बताया कि वह आठ भाई हैं, जिनमें से एक भाई का निधन हो चुका है। परिवार के अन्य सदस्य नोएडा और गुजरात में काम करते हैं। वह करीब एक साल बाद अपने गांव लौट रहे थे। घर पहुंचने की जल्दबाजी में चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश उनके लिए हादसे का कारण बन गई। जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि आरपीएफ कर्मी एक घायल व्यक्ति को इमरजेंसी में लेकर आए थे। आरपीएफ के अनुसार, यात्री ट्रेन से गिरकर घायल हुआ है। अस्पताल में उसका उपचार किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User